पीएलवी कार्यालय का हुआ उद्घाटन, ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता की दी जानकारी
सिमरिया (चतरा)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चतरा के निर्देशन में रविवार को प्रखंड कार्यालय सिमरिया परिसर में सशक्तिकरण एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ सूरज प्रकाश ठाकुर, बीडीओ चंद्रदेव प्रसाद, थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता एवं जिप सदस्य रोहिणी देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता एवं सलाह आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रखंड कार्यालय परिसर में पीएलवी के नए कार्यालय का भी उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि सूरज प्रकाश ठाकुर ने लोगों को कानून का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता की आवश्यकता होने पर जरूरतमंद लोग अधिकार मित्र (पीएलवी) से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था है।
महिला समूहों समेत लाभुकों को मिली परिसंपत्तियां
बीडीओ चंद्रदेव प्रसाद ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र लाभुकों से संबंधित विभागों से संपर्क कर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। शिविर में विकास एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला समूहों सहित लाभुकों के बीच कुल 56 लाख रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। इसके अलावा दीदी बाड़ी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड एवं राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
विद्यार्थियों के बीच बैग एवं कॉपी तथा ग्रामीणों के बीच जाति, आवासीय, आय एवं जन्म प्रमाण पत्र का वितरण भी किया गया। बिजली, शौचालय एवं ई-श्रम कार्ड निबंधन से संबंधित आवेदन भी शिविर में स्वीकार किए गए। ग्रामीणों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि सूरज प्रकाश ठाकुर, बीडीओ चंद्रदेव प्रसाद, थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता एवं जिप सदस्य रोहिणी देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर पीएलवी कार्यालय का उद्घाटन किया।
शिविर में मनरेगा, बाल विकास, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं शिक्षा समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी, पारा लीगल वालंटियर सुबोध कुमार शर्मा, उमेश प्रसाद, रंजन कुमार मिश्रा, अमित कुमार, संदीप उरांव, सीता देवी एवं अंजलि कुमारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लाभुक उपस्थित थे।





















Total Users : 1191609
Total views : 3028256