आठ एकड़ में विकसित हो रहा संकटमोचन हनुमान धाम, 108 फीट ऊंची प्रतिमा होगी आकर्षण का केंद्र
सिमरिया (चतरा)। प्रखंड क्षेत्र के पिरी में निर्माणाधीन संकटमोचन हनुमान धाम के प्रचार-प्रसार एवं श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को भव्य रथ एवं कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में 501 महिलाओं ने कलश लेकर हिस्सा लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।
कलश यात्रा की शुरुआत पिरी स्थित हनुमान मंदिर से हुई। श्रद्धालु जलाशय पहुंचे, जहां महिलाओं ने कलश में जल भरा। इसके बाद गाजे-बाजे एवं भक्ति गीतों के बीच यात्रा वापस संकटमोचन हनुमान मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। शोभायात्रा में स्थानीय विधायक, जिला परिषद सदस्य, शिक्षाविद, व्यवसायी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

आठ एकड़ में विकसित हो रहा भव्य धाम
निर्माणाधीन संकटमोचन हनुमान धाम को समग्र आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परिसर के रूप में विकसित किया जा रहा है। करीब आठ एकड़ क्षेत्र में बनने वाले इस धाम के एक एकड़ हिस्से में अशोक वाटिका विकसित की जा रही है। यहां 108 फीट ऊंची हनुमान जी की विराट प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
इसके अलावा करीब 20 हजार वर्गफीट के विशाल प्लेटफॉर्म पर राम दरबार, शिव परिवार एवं संकटमोचन हनुमान मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। परिसर में दशरथ कुंड, सीता रसोई, महर्षि वशिष्ठ आश्रम, महर्षि विश्वामित्र आश्रम एवं माता शबरी आश्रम जैसे पौराणिक स्थलों को भी विकसित किया जा रहा है।

वहीं करीब 20 हजार वर्गफीट क्षेत्र में महर्षि वाल्मीकि सभागार के निर्माण का प्रस्ताव है। सनातन साहित्य के अध्ययन के लिए एक विशाल पुस्तकालय भी प्रस्तावित किया गया है। आयोजकों के अनुसार, धाम के निर्माण से राज्यभर के श्रद्धालुओं की आस्था इससे जुड़ेगी और भविष्य में यह क्षेत्र धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो सकेगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष सुवेंदु जयपुरियार, सचिव अनिल प्रसाद, कोषाध्यक्ष बिनोद प्रसाद, पुजारी सतीश पांडेय, साइट इंचार्ज पंकज राम, सदस्य अनिक जायसवाल, कौशल सिंह एवं रामसुंदर गोप समेत समिति के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


















Total Users : 1230595
Total views : 3081931