सुहागिन महिलाओं ने रखा निर्जला उपवास, शिव-पार्वती की पूजा कर मांगा अखंड सौभाग्य का वरदान
चतरा/गिद्धौर। जिला मुख्यालय समेत सभी प्रखंडों के गांवों में सोमवार को हरितालिका तीज व्रत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शिव मंदिरों में सुहागिन महिलाएं दुल्हन की तरह सज-धजकर पहुंचीं और भगवान शिव को आराध्य मानकर व्रत रखा। महिलाओं ने टोले-मोहल्लों में सामूहिक रूप से बैठकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। कई स्थानों पर ब्राह्मणों को आमंत्रित कर भगवान शिव एवं माता पार्वती की पूजा कराई गई।
व्रत के दौरान महिलाओं ने शिव-पार्वती विवाह की कथा सुनी। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए माता पार्वती ने 64 वर्षों तक कठिन तपस्या की थी। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उनसे विवाह किया। इसी मान्यता के तहत सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना को लेकर 24 घंटे का निर्जला उपवास रखकर भगवान शिव एवं माता पार्वती की आराधना करती हैं।
दुवारी में भी महिलाओं ने की सामूहिक पूजा
गिद्धौर प्रखंड क्षेत्र के दुवारी में भी तीज व्रत धूमधाम से मनाया गया। व्रतधारी महिलाओं ने विधि-विधान से भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर अपने पति की लंबी उम्र, स्वास्थ्य एवं सुखी जीवन की कामना की। महिलाओं ने भगवान शिव से अखंड सौभाग्य का वरदान मांगा। इस अवसर पर पूरे प्रखंड क्षेत्र में जगह-जगह महिलाएं समूह में पूजा-अर्चना करती और व्रत रखती नजर आईं। तीज को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।






















Total Users : 1183274
Total views : 3016900