227.250 लीटर नकली शराब बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार; मुख्य आरोपी फरार, तलाश में छापेमारी जारी
चतरा। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने वशिष्ठ नगर जोरी थाना क्षेत्र के पोस्तिया गांव के बरवा टोला में छापामारी कर अनिल यादव के घर में संचालित कथित अवैध विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन किया।
छापामारी के दौरान उत्पाद विभाग के अनुसार, स्पिरिट में कैरेमल और एसेंस मिलाकर नकली विदेशी शराब तैयार की जा रही थी। तैयार शराब को ब्रांडेड विदेशी शराब की बोतलों में भरकर नकली लेबल एवं होलोग्राम लगाकर बाजार में खपाने की तैयारी की जा रही थी।
600 बोतल नकली शराब बरामद
कार्रवाई के दौरान टीम ने 600 बोतल नकली विदेशी शराब, जिसकी कुल मात्रा 227.250 लीटर, के अलावा 30 लीटर स्पिरिट और एक मारुति स्विफ्ट कार बरामद की है। मामले में संलिप्त बताए जा रहे राहुल कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, मुख्य आरोपी अनिल यादव मौके से फरार हो गया। उत्पाद विभाग उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रहा है।
अप्रैल में भी हुई थी कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि उत्पाद विभाग ने इससे पहले 16 अप्रैल 2026 को भी इसी स्थान पर छापामारी कर अवैध शराब की मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन किया था। उस कार्रवाई में 600 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद की गई थी तथा अनिल यादव समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। वर्तमान मामले में आरोपियों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
पर्व को लेकर विशेष सतर्कता
अधीक्षक उत्पाद, चतरा ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आगामी गणेश पूजा एवं करमा पर्व को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सघन छापेमारी और कार्रवाई जारी रहेगी। छापामारी दल में अभिषेक आनंद, अवर निरीक्षक उत्पाद, उत्पाद आरक्षी, गृहरक्षक बल, महिला गृहरक्षक समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।




















Total Users : 1180990
Total views : 3013838