एक माह से अंचल कार्यालय में लंबित आवेदन, विद्यार्थियों के नामांकन व छात्रवृत्ति पर पड़ रहा असर
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर प्रखंड में इन दिनों जाति, आवासीय और आय प्रमाण पत्र बनवाना लोगों के लिए चुनौती बन गया है। बताया जा रहा है कि कई आवेदन एक माह से अधिक समय से अंचल कार्यालय में लंबित हैं। इससे छात्र-छात्राओं के साथ आम ग्रामीणों में भी नाराजगी है। समय पर प्रमाण पत्र नहीं मिलने का सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं पर पड़ रहा है।
प्रमाण पत्र के अभाव में अधूरे रह रहे आवेदन
10वीं और 12वीं के बाद नामांकन, छात्रवृत्ति, नवोदय विद्यालय, छात्रावास सहित अन्य सरकारी योजनाओं में जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र की आवश्यकता होती है। प्रमाण पत्र समय पर नहीं मिलने के कारण कई विद्यार्थियों के आवेदन अधूरे रह जा रहे हैं।
स्थानीय छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों का कहना है कि वे प्रमाण पत्र के लिए रोजाना सुबह से शाम तक अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। उनका कहना है कि ऑनलाइन आवेदन तो हो जाता है, लेकिन अंचल स्तर पर स्वीकृति नहीं मिलने के कारण प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कर प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों को नामांकन, छात्रवृत्ति और अन्य जरूरी कार्यों में परेशानी का सामना न करना पड़े।





















Total Users : 1180124
Total views : 3012698