Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

स्कॉर्पियो से चोरी करने पहुंचे चोरों में एक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा, तीन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

कार्रवाई की मांग पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, ईटखोरी–हजारीबाग मुख्य पथ किया जाम

ग्रामीणों ने संदिग्ध चोर को पकड़कर किया पुलिस के हवाले, पुलिस के आश्वासन पर हटा सड़क जाम

मयूरहंड (चतरा)मयूरहंड प्रखंड क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश गहराता जा रहा है। चोरों के बढ़ते आतंक के बीच गुरुवार की देर रात मंझगांवा गांव में चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे संदिग्धों में से एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, उसके तीन अन्य साथी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे। जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात सफेद रंग की स्कॉर्पियो संख्या जेएच-13-एम/4069 से चार संदिग्ध मंझगांवा गांव पहुंचे थे।

बताया जाता है कि सभी चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए रविंद्र सिंह के घर के आसपास पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों को संदिग्ध गतिविधियों की भनक लग गई। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पकड़े गए युवक की पहचान मो. तोसिक आलम, पिता नौशाद आलम के रूप में बताई गई है।

Oplus_151126048

ग्रामीणों के अनुसार, पकड़े गए युवक से पूछताछ के दौरान फरार हुए साथियों के नाम आशिक राज उर्फ मजहर, पिता सहजाद आलम, आकिब तथा एक अन्य व्यक्ति, जिसे लंगड़ा के नाम से जाना जाता है, बताए गए हैं। बताया गया कि सभी चतरा के नगवां मुहल्ले के रहने वाले हैं। हालांकि, फरार आरोपियों के संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि समाचार लिखे जाने तक नही की गई है।

चोरी में इस्तेमाल होने वाला मिला सामान

ग्रामीणों का कहना है कि संदिग्धों के पास से चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल किए जाने वाले औजारनुमा सामान, स्क्रूड्राइवर सहित अन्य सामग्री बरामद हुई है। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मयूरहंड पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की। ग्रामीणों के अनुसार, मंझगांवा गांव में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी गांव में आधा दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। कई मामलों में घरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व की घटनाओं को लेकर थाना में आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। इसी वजह से ग्रामीणों में पुलिस-प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

पूर्व की घटनाओं में कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण

चोरी की लगातार हो रही घटनाओं और आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने के विरोध में शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। ग्रामीणों ने मंझगांवा चौक के समीप ईटखोरी–हजारीबाग मुख्य पथ को जाम कर दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर बैठ गए और चोरी की घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग करने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि यदि समय रहते चोरी की घटनाओं पर रोक नहीं लगाई गई और पूर्व के मामलों में कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने, पूर्व की चोरी की घटनाओं का उद्भेदन करने तथा फरार संदिग्धों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।

पुलिस के आश्वासन के बाद हटाया गया सड़क जाम

सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ। पुलिस निरीक्षक उमेश राम, इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह तथा मयूरहंड थाना के सहायक अवर निरीक्षक पुनीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद ईटखोरी–हजारीबाग मुख्य पथ पर आवागमन सामान्य हो सका। इधर, पुलिस पकड़े गए संदिग्ध से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर फरार संदिग्धों की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों की मांग है कि केवल इस घटना में पकड़े गए युवक से पूछताछ तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि मंझगांवा सहित आसपास के क्षेत्रों में पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का भी शीघ्र उद्भेदन किया जाए, ताकि ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment