बच्चों को पानी उपलब्ध कराने में होता था उपयोग, स्कूल प्रशासन और ग्रामीणों के बीच स्वामित्व को लेकर मतभेद
हंटरगंज (चतरा)। थाना क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय सरहचिया के सामने लगे सोलर सिस्टम का एक पैनल चोरी होने का मामला सामने आया है। मंगलवार की सुबह चोरी की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे और घटना को लेकर नाराजगी जताई।
ग्रामीणों के अनुसार, उक्त सोलर पैनल से विद्यालय के बच्चों को पानी उपलब्ध कराया जाता था। ग्रामीणों का कहना है कि सोलर पैनल विद्यालय परिसर के सामने लगा होने के कारण इसे स्कूल से संबंधित संपत्ति माना जाना चाहिए। वहीं, स्कूल प्रशासन की ओर से इसे ग्रामीणों की संपत्ति बताया जा रहा है।
स्वामित्व को लेकर बनी असमंजस की स्थिति
सोलर पैनल के स्वामित्व को लेकर मतभेद के कारण फिलहाल मामले में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। घटना की जानकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक को दे दी गई है। बताया जा रहा है कि इसी मतभेद के कारण देर शाम तक थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया था।
अब सवाल उठ रहा है कि विद्यालय के सामने लगे सोलर पैनल की देखरेख और जिम्मेदारी किसकी थी और चोरी की घटना को लेकर आगे क्या कार्रवाई होती है। थाने में लिखित आवेदन मिलने के बाद ही मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।






















Total Users : 1175962
Total views : 3006918