Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो पेड़ से टकराकर ऊंचाई पर अटकी

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

सीओ ने खुद रेस्क्यू कर घायल युवक को निकाला, गंभीर हालत में रांची रेफर

चतरा/सिमरिया। चतरा-हजारीबाग मार्ग पर सिमरिया थाना क्षेत्र के महानैया नदी के समीप टर्निंग पर देर रात करीब 10 बजे भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। हादसे में सिमरिया निवासी पप्पू सिंह के पुत्र प्रशांत कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में उनका एक हाथ और एक पैर फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है।

अनियंत्रित होकर सखुआ के पेड़ से टकराई स्कॉर्पियो

जानकारी के अनुसार, प्रशांत कुमार सिंह देर रात हजारीबाग से स्कॉर्पियो से सिमरिया लौट रहे थे। महानैया नदी के पास तीखे मोड़ पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे टीले पर स्थित सखुआ के पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो पेड़ पर काफी ऊंचाई तक जाकर अटक गई और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद प्रशांत वाहन के अंदर गंभीर हालत में फंसे हुए थे।

सीओ ने खुद संभाला मोर्चा, घायल को निकाला बाहर

इसी दौरान हजारीबाग की ओर से लौट रहे सिमरिया अंचल अधिकारी गौरव कुमार की नजर दुर्घटनाग्रस्त वाहन पर पड़ी। वाहन की ब्लिंक करती लाइट देखकर उन्होंने तत्काल गाड़ी रुकवाई और अपने ड्राइवर व गार्ड के साथ रेस्क्यू शुरू कर दिया।

रेस्क्यू के दौरान सीओ खुद वाहन के बोनट पर चढ़े और काफी मशक्कत के बाद बेसुध पड़े घायल प्रशांत को बाहर निकाला। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण सीओ के कपड़े भी खून से लथपथ हो गए। इसके बाद सीओ ने अपनी गाड़ी से घायल युवक को रेफरल अस्पताल सिमरिया पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति और अंदरूनी चोटों को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया।

हादसे में मदद के लिए सीओ ने की अपील

सीओ गौरव कुमार ने बताया कि वे गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी से लौट रहे थे, तभी उनकी नजर दुर्घटनाग्रस्त वाहन पर पड़ी। प्रथम दृष्टया हादसा टर्निंग पर वाहन का नियंत्रण खोने के कारण हुआ प्रतीत होता है।

उन्होंने आम लोगों और ग्रामीणों से अपील की कि सड़क दुर्घटना के समय संवेदनशीलता दिखाते हुए घायलों की तत्काल मदद करें। उन्होंने ‘गुड समैरिटन पॉलिसी’ का उल्लेख करते हुए कहा कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले मददगारों के लिए सरकार की ओर से प्रोत्साहन एवं पुरस्कार की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद शुरुआती समय में मिलने वाला उपचार कई बार घायल की जान बचाने में महत्वपूर्ण साबित होता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment