Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

डॉ. राधाकृष्णन को नमन, सेवानिवृत्त शिक्षक व दो आदेशपाल को भावभीनी विदाई

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

बिना वेतन वर्षों तक सेवा देते रहे शिक्षक दिलीप कुमार सिन्हा, विद्यालय परिवार ने किया सम्मान

प्रतापपुर (चतरा)। शिक्षक दिवस का अवसर शनिवार को प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय प्रतापपुर के लिए खुशी के साथ-साथ भावुकता का भी गवाह बना। एक ओर जहां शिक्षकों एवं छात्राओं ने महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया, वहीं दूसरी ओर विद्यालय परिवार ने वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाले एक शिक्षक एवं दो आदेशपाल को भावभीनी विदाई दी।

विदाई समारोह में शिक्षक दिलीप कुमार सिन्हा के समर्पण की विशेष रूप से चर्चा हुई। वर्ष 1984 से विद्यालय में सेवा दे रहे सिन्हा 31 मार्च 2024 को सेवानिवृत्त हुए। वक्ताओं के अनुसार, लंबे सेवाकाल के दौरान उन्हें वेतन का भुगतान नहीं हुआ, बावजूद इसके उन्होंने विद्यालय और विद्यार्थियों के प्रति अपने दायित्व से कभी मुंह नहीं मोड़ा। बिना वेतन के भी वर्षों तक सेवा जारी रखना उनके त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और शिक्षा के प्रति समर्पण का उदाहरण बताया गया। उनके योगदान के प्रति उपस्थित लोगों ने कृतज्ञता व्यक्त करते हुए भूरी-भूरी प्रशंसा की।

इसी क्रम में आदेशपाल रामवृक्ष पासवान, जो 31 अगस्त 2025 को सेवानिवृत्त हुए, तथा संजय सिन्हा, जिन्हें लोग प्यार से ‘बहादुर’ कहा करते थे और जो 29 फरवरी 2024 को सेवानिवृत्त हुए, को भी सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। वर्षों तक विद्यालय परिसर में अपनी जिम्मेदारियां निभाने वाले इन कर्मियों को विदा करते समय विद्यालय परिवार भावुक नजर आया।

वक्ताओं ने कहा कि सरकारी सेवा से व्यक्ति सेवानिवृत्त होता है, लेकिन उसकी मेहनत, यादें और योगदान कभी सेवानिवृत्त नहीं होते। इन कर्मियों ने विद्यालय के लिए जो समय और सेवाएं दी हैं, उनकी कमी आने वाले दिनों में महसूस होगी। विदाई के अवसर पर कई लोगों ने उनके साथ बिताए अनुभवों को साझा किया और उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।

विद्यालय परिवार की ओर से तीनों सेवानिवृत्त कर्मियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया तथा उनके उत्तम भविष्य की मंगलकामना की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश त्रिवेदी ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन के एक पड़ाव का अंत जरूर है, लेकिन यह नई शुरुआत का अवसर भी है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की कामना की।

कार्यक्रम में प्लस टू उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज रजक, शिक्षक कृष्ण कुमार दूबे, प्रीमियर एकेडमी के निदेशक शहनवाज खान, कन्या उच्च विद्यालय के पूर्व प्रभारी अरुण कुमार सिंह, शिक्षक उत्पल नयन, संगीता कुमारी, विनय कुमार, सुशील कुमार यादव, राज कुमार शुक्ला, असलम भेंगरा, दुर्गेश रजक, धरेश शर्मा, पंकज कुमार, संजीत कुमार एवं मनोज कुमार सिन्हा सहित अन्य शिक्षक, छात्राएं एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पूरे कार्यक्रम का संचालन प्लस टू उच्च विद्यालय प्रतापपुर के शिक्षक अनूप त्रिपाठी ने किया। विदाई के दौरान भावुक माहौल में यही संदेश गूंजता रहा कि पद और सेवा भले समाप्त हो जाए, लेकिन समर्पित कर्मियों की यादें और उनके योगदान की छाप हमेशा विद्यालय के इतिहास में बनी रहती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment