भव्य भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद, देर रात तक गूंजता रहा जय श्रीकृष्ण का जयघोष
इटखोरी (चतरा)। इटखोरी प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत कृषि फार्म स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चतरा जिला परिषद उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी समेत देव कुमार सिंह, श्याम प्रसाद सिंह, दुलार ठाकुर, रंजय भारती, टूनी सिंह, गुड़न सिंह एवं संकट मोचन सेवा समिति के सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
जन्माष्टमी को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पर्व को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। इटखोरी प्रखंड के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन नजर आए।
दीप प्रज्वलन के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। भक्ति गीतों एवं धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा कृषि फार्म परिसर भक्तिमय हो उठा। ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा और देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही।
भव्य भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद
जन्माष्टमी के अवसर पर संकट मोचन सेवा समिति की ओर से भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए समिति के सदस्यों ने व्यवस्था को संभालने में सक्रिय भूमिका निभाई। देर रात तक आचार्यों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके उपदेशों एवं धर्म-कर्म से जुड़े विषयों पर प्रवचन दिया गया। प्रवचन के दौरान श्रद्धालु भक्तिभाव से कथा का श्रवण करते रहे।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम और सद्भाव को मजबूत करने के साथ सनातन संस्कृति के प्रति आस्था को बढ़ावा देना है। जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के प्रेम, धर्म और कर्म के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संकट मोचन सेवा समिति के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं आयोजन की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में सक्रिय योगदान दिया। मौके पर सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण मौजूद रहे।





















Total Users : 1172187
Total views : 3001933