रेफरल अस्पताल में रेड क्रॉस सोसाइटी ने लगाया शिविर, बीडीओ व बीईओ ने भी किया रक्तदान
सिमरिया (चतरा)। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को सिमरिया रेफरल अस्पताल परिसर में रेड क्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 34 शिक्षकों समेत अन्य रक्तवीरों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
शिविर का नेतृत्व 74 बार रक्तदान कर चुके राज संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय के शिक्षक डॉ. नितेश कुमार ने किया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण करने के बाद स्वयं रक्तदान कर किया।
इस अवसर पर बीडीओ ने कहा कि रक्तदान महादान है। किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने के लिए किया गया रक्तदान समाज सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने लोगों से आगे आकर रक्तदान करने की अपील की। मौके पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अंबुजा राजलक्ष्मी ने भी रक्तदान कर शिक्षकों एवं आम लोगों को प्रेरित किया। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बीएन प्रसाद समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी और रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्य मौजूद रहे।
‘रश्मिरथी’ पुस्तक भेंट कर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव धर्मेंद्र पाठक ने बीडीओ चंद्रदेव प्रसाद, बीईओ अंबुजा राजलक्ष्मी एवं चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बीएन प्रसाद को ‘रश्मिरथी’ पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। शिक्षक दिवस पर आयोजित इस रक्तदान शिविर में शिक्षकों एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। आयोजन ने शिक्षक दिवस को शिक्षा और गुरु सम्मान के साथ-साथ मानव सेवा एवं सामाजिक सरोकार से जोड़ने का संदेश दिया।





















Total Users : 1172182
Total views : 3001928