गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
सिमरिया (चतरा)। चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र अंतर्गत जोभी टोला बेहराबाद गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक घर से 1.485 किलोग्राम अफीम बरामद की है। मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम के साथ अभियुक्त के परिजन का आधार कार्ड भी जब्त किया गया है।
सिमरिया स्थित अपने कार्यालय में गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नागरगोजे शुभम भाऊ साहब ने बताया कि 2 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि जोभी टोला बेहराबाद निवासी भगन गंझू के घर में अवैध रूप से अफीम का भंडारण किया गया है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए उनके नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पचिया देवी, पति भगन गंझू के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने 1.485 किलोग्राम अफीम बरामद की। मौके से अभियुक्त के परिजन का आधार कार्ड भी जब्त किया गया। पुलिस ने पचिया देवी (50 वर्ष), पति भगन गंझू, निवासी जोभी टोला बेहराबाद, थाना लावालौंग को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में लावालौंग थाना कांड संख्या 66/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(सी), 27(ए) एवं 29 के तहत कार्रवाई की गई है।
छापामारी अभियान में एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहब के अलावा लावालौंग थाना के पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार, थाना सशस्त्र बल एवं स्थानीय चौकीदार शामिल थे। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है तथा अफीम के स्रोत एवं इसके अवैध कारोबार से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।




















Total Users : 1170424
Total views : 2999622