सैकड़ों महिलाओं ने सौंपा ज्ञापन, मांग पूरी नहीं होने पर जिला स्तर पर आंदोलन की चेतावनी
गिद्धौर (चतरा)। चतरा जिले के गिद्धौर प्रखंड में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के तहत कार्यरत कैडर दीदियों ने मानदेय बढ़ोतरी की मांग को लेकर एकजुट होकर आवाज उठाई है। बुधवार को बारियातू एवं गिद्धौर क्लस्टर की सैकड़ों कैडर महिलाओं ने पहले अपने-अपने क्लस्टर स्तरीय संघ (सीएलएफ) को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद गिद्धौर प्रखंड मिशन प्रबंधन इकाई (बीएमएमयू) एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर मानदेय में सम्मानजनक बढ़ोतरी की मांग की।
कैडर दीदियों ने ज्ञापन में कहा कि वे पिछले कई वर्षों से जेएसएलपीएस के तहत सखी मंडलों को सशक्त बनाने, ग्रामीण महिलाओं की आजीविका बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। इसके बावजूद उन्हें मिलने वाला वर्तमान मानदेय काफी कम है। बढ़ती महंगाई के बीच इतने कम मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है।
महंगाई के अनुरूप मानदेय तय करने की मांग
कैडर दीदियों ने कहा कि उनके कार्य और जिम्मेदारियों को देखते हुए उचित मानदेय दिया जाना चाहिए। उन्होंने सभी कैडरों के मानदेय में सम्मानजनक बढ़ोतरी करने, महंगाई भत्ते के आधार पर मानदेय निर्धारित करने तथा कार्य की स्थायित्व और पहचान सुनिश्चित करने की मांग रखी।
सामूहिक ज्ञापन में सक्रिय महिला, कृषि सखी, पशु सखी, नवजीवन सखी, सेतु दीदी, एफएलसीआरपी, जेंडर सीआरपी, बीआरपी, बैंक सखी समेत अन्य कैडर शामिल रहीं। कैडर दीदियों का कहना है कि खेती-बाड़ी से जुड़ी जानकारी देने, पशुपालन में सहयोग करने, बैंक लिंकेज कराने तथा महिला हिंसा और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने जैसे कार्यों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसके बावजूद उनके मेहनताने में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की जा रही है।

इस मौके पर प्रीति लिंडा, जय देवी, लक्ष्मी देवी, सरस्वती कुमारी, संगीता देवी, जयंती देवी, अंगिरा देवी, प्रियंका देवी, युगेश्वर दांगी, सरिता देवी, आरती कुमारी, मूसा देवी, बीआरपी विजय रजक, बीआरपी रेखा देवी, मालती देवी, अंजू देवी, कमली देवी समेत सैकड़ों जेएसएलपीएस से जुड़ी कैडर दीदियां मौजूद रहीं। कैडर महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो वे जिला स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगी। ज्ञापन की प्रति जिला मिशन प्रबंधन इकाई (डीएमएमयू), चतरा को भी भेजी गई है।




















Total Users : 1173757
Total views : 3004061