व्यवसायी की दुकान बनी चोरों का निशाना, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
सिमरिया (चतरा)। सिमरिया थाना क्षेत्र के सिमरिया-टंडवा मुख्य मार्ग स्थित बकचोमा डाड़ी गांव में रविवार रात अज्ञात चोरों ने स्थानीय व्यवसायी राजेंद्र केशरी की दुकान का शटर उखाड़कर काउंटर में रखे 70 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस समय हुई, जब व्यवसायी दुकान खोलने पहुंचे। पीड़ित व्यवसायी ने सोमवार को सिमरिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 152/24 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले भी हो चुकी है दुकान में चोरी

राजेंद्र केशरी ने बताया कि उनकी दुकान में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी चोरों ने दुकान के ऊपरी हिस्से का शटर तोड़कर नकद रुपये और कीमती सामान चोरी किए थे। उन्होंने बताया कि रविवार को बैंक बंद रहने के कारण बिक्री के 70 हजार रुपये बैंक में जमा नहीं हो सके और रकम दुकान में ही रह गई थी।
थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि व्यवसायी का मकान दुकान से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर मुख्य सड़क पर ही है। इतनी कम दूरी के बावजूद दुकान में इतनी बड़ी रकम रखे जाने के बिंदु को भी पुलिस जांच में शामिल कर रही है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।




















Total Users : 1148061
Total views : 2975600