चहारदीवारी फांदकर घर में घुसे चोर, कमरों के ताले तोड़कर दिया घटना को अंजाम; लगातार चोरी से शहरवासी चिंतित
चतरा। शहर के बुच्चीडाड़ी मोहल्ला निवासी पप्पू कुमार राणा के बंद घर में शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर चहारदीवारी फांदकर घर में दाखिल हुए और कमरों के दरवाजे का ताला तोड़कर करीब एक लाख रुपये नकद समेत आठ लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। घटना के समय घर पर कोई सदस्य मौजूद नहीं था।
जानकारी के अनुसार, पप्पू राणा शनिवार शाम करीब आठ बजे गिद्धौर प्रखंड स्थित अपने पैतृक गांव बारीसाखी गए थे। रविवार दोपहर लौटने पर कमरों के ताले टूटे मिले और घर का सामान बिखरा पड़ा था। गोदरेज और कंप्यूटर टेबल के ड्रॉअर की जांच करने पर नकद रुपये और जेवरात गायब मिले।
जांच में जुटी पुलिस, जल्द उद्भेदन का दावा
घटना की सूचना सदर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस अवर निरीक्षक कासिम अंसारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव ने बताया कि चोरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही घटना का उद्भेदन किया जाएगा।
शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। इससे एक दिन पहले शुक्रवार की रात नगवां मोहल्ले की प्रोफेसर कॉलोनी में सीआरपीएफ जवान सुनील कुमार सिंह के बंद घर से करीब 1.50 लाख रुपये नकद और 18.50 लाख रुपये के जेवरात चोरी हुए थे। लगातार हो रही घटनाओं को लेकर शहरवासियों ने एसपी से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी पर अंकुश लगाने की मांग की है।





















Total Users : 1143201
Total views : 2970339