हरे परिधानों में दिखा सावन का रंग, गीत-संगीत और प्रतियोगिता ने बढ़ाया उत्साह
चतरा। सावन मास की पावन बेला में अंतर्राष्ट्रीय महिला काव्य मंच की चतरा जिला इकाई, झारखंड के तत्वावधान में ग्रामोदय चेतना केन्द्र के प्रांगण में बुधवार, 26 अगस्त 2026 को विशेष काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष डॉ. संध्या रानी के दिशा-निर्देश में आयोजित यह कार्यक्रम साहित्यिक अभिव्यक्ति के साथ भगवान शिव के प्रति श्रद्धा का अनूठा संगम बना। आयोजन को आयोजकों ने ‘कैलाशपति महादेव का काव्याभिषेक’ की संज्ञा दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं स्वागत गान से हुआ। इसके बाद डॉ. संध्या रानी ने शिव, सावन और साहित्य के संबंध पर विचार रखते हुए अपनी कविता के माध्यम से भगवान शिव का काव्याभिषेक किया। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों और छोटी-बड़ी खुशियों के साथ साहित्यिक आयोजन भी एक परिष्कृत समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

काव्य गोष्ठी में स्थानीय महिला रचनाकारों डॉ. संध्या रानी, अरुणधति दत्ता, डॉ. सबिता बनर्जी, श्वेता सिन्हा, शीला श्रीवास्तव, प्रीति पाण्डे, सुकृति चौबे, कविता फूलवन्ती, इंदु सिन्हा एवं रीना कुमारी ने अपनी रचनाओं की मनमोहक प्रस्तुति दी। कविताओं के माध्यम से भगवान शिव, सावन, प्रकृति और जीवन के विभिन्न भावों को अभिव्यक्ति दी गई।
हरे परिधानों में दिखा सावन का रंग, गीत-संगीत और प्रतियोगिता ने बढ़ाया उत्साह
प्राकृतिक हरियाली से भरे कार्यक्रम स्थल पर हरे परिधानों में पहुंची महिलाओं की उपस्थिति ने सावन के उत्सव को और आकर्षक बना दिया। गीत-संगीत की प्रस्तुतियों के साथ महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान मनोरंजक प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने भीतर छिपे बचपन के उत्साह को फिर से महसूस किया।
कार्यक्रम का समापन सुंदर सौगात और चटपटे स्वाद के साथ हुआ। आयोजन में स्थानीय रचनाकारों के अलावा दीपा कुमारी, रुबी कुमारी, अंजू सिन्हा, अनिता कुमारी, शिल्पी कुमारी, मौसमी बोस, शिखांजलि, मुनिता कुमारी, मीना कुमारी, बबीता कुमारी, किरण कुमारी, अदिति मिश्रा एवं आन्वी सहित ग्रामोदय चेतना केन्द्र की छात्राओं ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम महिलाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा के प्रदर्शन का मंच देने के साथ-साथ समाज में साहित्य, संस्कृति और आपसी सहभागिता को मजबूत करने का काम करते हैं। कार्यक्रम में मौजूद सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।


















Total Users : 1183138
Total views : 3016718