आरोपी के पास से देसी भराठी बंदूक और चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद, लातेहार व रांची के गिरोह से जुड़े तार
सिमरिया (चतरा)। चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में वाहन चोरी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सिमरिया थाना क्षेत्र के काशियातू टोला चौबेरेवा गांव में छापेमारी कर मुकेश गंझू, पिता जेडू गंझू को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक देशी निर्मित बंदूक और चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए काशियातू टोला चौबेरेवा स्थित मुकेश गंझू के घर पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी भागने लगा, जिसे पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपी के घर से एक कंट्रीमेड बंदूक एवं चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस संबंध में सिमरिया थाना कांड संख्या 150/2026, दिनांक 25 अगस्त 2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसपी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोपी के वाहन चोरी से जुड़े नेटवर्क से संबंध होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है तथा संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया, थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता एवं सिमरिया थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।






















Total Users : 1138961
Total views : 2964657