नौसेना कर्मी, पत्नी और दो बच्चों की मौत से सनसनी; पुलिस को हत्या के बाद आत्महत्या का शक
दक्षिण मुंबई के नेवी नगर इलाके में भारतीय नौसेना के एक कर्मी और उसके परिवार के तीन सदस्यों की मौत का मामला सामने आने के बाद सनसनी फैल गई। नौसेना के सरकारी आवास से 30 वर्षीय कर्मी पूरनमल शंभूलाल मेहरा का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चों के शव बिस्तर पर पाए गए।
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि पहले पत्नी और दोनों बच्चों को किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कराया गया और इसके बाद नौसेना कर्मी ने आत्महत्या कर ली। हालांकि मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पुष्टि विस्तृत जांच तथा मेडिकल एवं फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
रात में मां को भेजा संदेश
जांच में सामने आया है कि घटना से पहले मेहरा ने 14 अगस्त की रात करीब 11 बजे अपनी मां को व्हाट्सऐप पर एक संदेश भेजा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, संदेश में परिवार के शव ले जाने की बात कही गई थी। अगली सुबह मां ने संदेश देखा तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने बेटे को कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिवार की ओर से नेवी कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे, जहां घर के अंदर चारों के शव मिले।
दोनों मोबाइल फोन किए गए थे फॉर्मेट
मामले की जांच में एक और अहम तथ्य सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले मेहरा ने कथित तौर पर अपना और अपनी पत्नी का मोबाइल फोन फॉर्मेट कर दिया था। इससे जांचकर्ताओं के सामने डिजिटल साक्ष्य जुटाने की चुनौती बढ़ गई है।
पुलिस अब साइबर विशेषज्ञों की मदद से दोनों मोबाइल फोन से हटाए गए संभावित डेटा को रिकवर करने का प्रयास कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि घटना से पहले दोनों के बीच किस तरह की बातचीत हुई थी और मोबाइल से कौन-कौन सी जानकारी हटाई गई।
पारिवारिक और आर्थिक परेशानी की भी जांच
पुलिस को शुरुआती पड़ताल में परिवार से जुड़ी परेशानियों और आर्थिक तनाव के संकेत मिले हैं। बताया जा रहा है कि मेहरा का मुंबई के एक अस्पताल में इलाज भी चल रहा था। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
बताया गया कि मेहरा और ओमा की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी और दोनों के बीच अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है। घटना से कुछ दिन पहले मेहरा के पिता भी मुंबई आए थे। बताया जाता है कि उन्होंने परिवार को वापस घर ले जाने की इच्छा जताई थी, लेकिन मेहरा ने उनके साथ जाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद फोन पर दोनों के बीच कथित तौर पर तीखी बहस भी हुई थी। पुलिस अब इस विवाद और परिवार की मौजूदा परिस्थितियों को घटना से जोड़कर जांच कर रही है।
बच्चों को क्या दिया गया था, जांच जारी
जांचकर्ताओं के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि महिला और दोनों बच्चों की मौत किस पदार्थ के सेवन से हुई। पुलिस फिलहाल अंतिम चिकित्सकीय और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत का वास्तविक कारण क्या था और घटनाक्रम किस क्रम में हुआ। फिलहाल मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।























Total Users : 1128348
Total views : 2950050