रांची: स्वास्थ्य के क्षेत्र में आज से एक नए अध्याय की शुरुआत हो रही है। नए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल खुलने से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक चिकित्सा सुविधा का मार्ग प्रशस्त हो रहा है, जिसका लाभ राज्य के लोगों को निश्चित रूप से मिलेगा। ये बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, आदित्यपुर (सरायकेला-खरसावां) में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के प्रथम बैच के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरायकेला-खरसावां जैसे छोटे जिले में मेडिकल कॉलेज का खुलना एक सराहनीय कदम है। इससे न सिर्फ चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक और स्वास्थ्य वातावरण तैयार होगा।
एमबीबीएस पाठ्यक्रम के पहले बैच में नामांकन लेने वाले विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष यहां नए बैच आएंगे और आने वाले पांच वर्षों में यह मेडिकल कॉलेज पूरी तरह से विकसित हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थी यहां से पढ़ाई पूरी कर बाहर निकलेंगे तो समाज को उनसे काफी उम्मीदें होंगी और उन्हें विश्वास है कि ये छात्र एक बेहतर चिकित्सक के रूप में समाज की सेवा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। सरकार एक ऐसा हेल्थ इको-सिस्टम विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है, जहां गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 25 से 30 तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि इस राह में कई चुनौतियां भी हैं, लेकिन चुनौतियों के बीच काम करने में ही सच्चा आनंद मिलता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉक्टरों का आना-जाना एक सतत प्रक्रिया है, लेकिन राज्य में अधिक से अधिक बेहतर मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, डायग्नोस्टिक सेंटर और चिकित्सकों को जोड़ने के लिए सरकार पूरी क्षमता और प्रतिबद्धता के साथ स्वास्थ्य संरचना को सुदृढ़ कर रही है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, लोकसभा सांसद जोबा मांझी, विधायक दशरथ गागराई, विधायक सविता महतो, विधायक समीर मोहंती, विधायक मंगल कालिंदी, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह तथा नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अध्यक्ष मदन मोहन सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
























Total Users : 1079862
Total views : 2882924