इंडी गठबंधन के सीटों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद एक-दो सीटों पर अदलाबदली संभव
न्यूज स्केल डेस्क
रांची। एनडीए ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को सीटों का बंटवारा कर लिया है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस में उक्त जानकारी दी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा भी इस दौरान उपस्थित थे। हिमंत बिस्व सरमा ने सीटों के बंटवारे की जानकारी देते हुए कहा कि आजसू को गठबंधन के तहत 10 सीटें सिल्ली, रामगढ़, गोमिया, ईचागढ़, मांडू, जुगसलाई, डुमरी, पाकुड़, लोहरदगा, मनोहरपुर, जदयू को दो सीट जमशेदपुर पश्चिम व तमाड़ और चिराग पासवान की एलजेपी को एक सीट चतरा दी गई है। शेष सीटों पर भाजपा की झोली में। साथ ही हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि झामुमो और कांग्रेस की सूची आने के बाद एनडीए गठबंधन एक-दो सीटों की आपस में अदलाबदली भी कर सकते हैं। जबकी ज्ञात हो कि हिमंत बिस्व सरमा ने कहा था कि चुनाव की घोषणा होने के 48 घंटों में भाजपा प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी। लेकिन शुक्रवार को 72 घंटे बीतने के बाद भी सूची नहीं आई। इस सवाल के जवाब में हिमंत ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा के लिए भी भाजपा प्रत्याशियों की सूची केंद्रीय नेतृत्व को जारी करनी है। ऐसे में शनिवार या रविवार को झारखंड के लिए भाजपा की सूची जारी कर दी जाएगी। वहीं झारखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एनडीए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगा और जीत हासिल करेगा।



















Total Users : 1174130
Total views : 3004596