27- विधानसभा क्षेत्र के बूथ 525 और 518 पर पहुंचे अधिकारी; मतदाताओं से किया सीधा संवाद, बीएलओ को दिए निर्देश- नाम जोड़ने में कोई लापरवाही न हो
चतरा | मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम-2026 के तहत निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त (डीसी) रवि आनंद ने शनिवार को 27-चतरा (अनुसूचित जनजाति) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों के निष्पादित मामलों का स्थलीय सत्यापन किया।
घर-घर जाकर की जांच
उपायुक्त ने मतदान केंद्र संख्या 525 और 518 के अंतर्गत आने वाले मतदाताओं के घरों तक पहुंचकर बीएलओ (BLO) द्वारा प्रपत्र-6 (Form-6) के माध्यम से प्राप्त और निष्पादित आवेदनों की जांच की। उन्होंने संबंधित मतदाताओं से सीधे संवाद कर आवेदन में दर्ज विवरणों की जानकारी ली और मौके पर ही भौतिक सत्यापन किया।
ECI के निर्देशों का पालन
उल्लेखनीय है कि मैनुअल ऑन इलेक्टोरल रोल, 2023 के प्रावधानों के आलोक में भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 01 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत निष्पादित मामलों की विशेष पुनः जांच निर्धारित की गई थी। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्वयं क्षेत्र में पहुंचकर संबंधित मामलों का स्थल सत्यापन किया।
बीएलओ को सख्त निर्देश
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों और बीएलओ को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक आवेदन की निष्पक्षता और गंभीरता से जांच करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि नहीं होनी चाहिए। सभी पात्र नागरिकों को सूची में शामिल करने के साथ-साथ सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना सुनिश्चित किया जाए।
मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी रवींद्र कुमार, संबंधित मतदान केंद्रों के बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर समेत अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।




















Total Users : 1276134
Total views : 3148320