महानवमी के दिन हादसे में मरे युवक के परिजनों को आधा मुआवजा मिलने का आरोप, पैर गंवा चुके घायल के मुफ्त इलाज की मांग; सीओ और थाना प्रभारी मनाने में जुटे
सिमरिया (चतरा)। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक के परिजनों को बकाया मुआवजा न मिलने और गंभीर रूप से घायल साथी के समुचित इलाज की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार आधी रात से सिमरिया थाना क्षेत्र के डाडी बकचौमा गांव के पास टंडवा-चतरा मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया है। सड़क के दोनों ओर मील लंबी कतारें लग गई हैं और धनगडा घाटी से देल्हो घाटी तक गाड़ियां फंसी हैं।

जाम का असर सिमरिया चौक पर भी दिख रहा है, जहां वाहनों की कतारों से स्थानीय दुकानदारी प्रभावित हुई है। सूचना मिलते ही सीओ गौरव कुमार राय और थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता देर रात से मौके पर हैं और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक गतिरोध जारी है।
क्या है मामला: 19 अक्टूबर की सुबह सिमरिया-बगरा रोड पर गोवा तालाब के पास एक अनियंत्रित हाइवा ने बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक सवार मोहम्मद शाहबाज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी मो. सहबाज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें रांची रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान एक पैर काटना पड़ा।
घटना के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग पर सिमरिया चौक पर प्रदर्शन किया था। देर शाम प्रशासनिक दखल के बाद ट्रांसपोर्टर और ग्रामीणों के बीच समझौता हुआ, जिसमें मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये और घायल के इलाज के लिए 3 लाख रुपये देने पर सहमति बनी थी।
परिजनों का आरोप है कि मृतक के परिवार को तय राशि में से सिर्फ 2.5 लाख रुपये (आधा मुआवजा) ही मिले। वहीं घायल के इलाज के लिए मिले 3 लाख रुपये नाकाफी साबित हो रहे हैं और उसके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। इसी से नाराज ग्रामीणों ने दोबारा मोर्चा खोल दिया। वे पूरे मुआवजे और घायल के मुफ्त व समुचित इलाज की गारंटी की मांग पर अड़े हैं।


















Total Users : 1281629
Total views : 3156874