एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों से सुलझाया मामला, कांड 77/2026 दर्ज, सभी बाल सुधार गृह भेजे गए; एसपी की अभिभावकों से अपील: बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर रखें नजर
चतरा, झारखंड। चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के जंगल में नाबालिग युवती का शव पेड़ से लटका मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार युवती ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या की गई और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव पेड़ से लटका दिया गया। इस मामले में पांच विधि विरुद्ध बालकों/बालिकाओं (नाबालिगों) को निरुद्ध किया गया है। किशोर न्याय बोर्ड (JJB) में पेश करने के बाद उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया।

एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी
रविवार को पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 16 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के जंगल में एक नाबालिग युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। लावालौंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो परिस्थितियां संदिग्ध मिलीं और साक्ष्यों को देखकर मामला यौन अपराध से जुड़ा होने की आशंका हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में तुरंत एसआईटी गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्य से खुला राज
एसआईटी ने घटनास्थल से बरामद मोबाइल से मिले तकनीकी साक्ष्य और मानवीय साक्ष्य के आधार पर पांच नाबालिगों को संरक्षण में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि:
- 16 अक्टूबर की शाम तीन नाबालिग जोड़े (तीन युवक और तीन युवतियां) जंगल में मिलने पहुंचे थे।
- मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखने के बाद युवकों ने संबंध बनाने की कोशिश की। मृतका ने विरोध किया और वहां से जाने लगी।
- तब मौके पर मौजूद तीन नाबालिग युवकों ने उसे पकड़कर सामूहिक दुष्कर्म किया।
- इसके बाद गला घोंटकर हत्या कर दी गई और गमछे से शव पेड़ पर लटका दिया गया।
एफआईआर और कानूनी धाराएं
पुलिस ने लावालौंग थाना कांड संख्या 77/26, दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1), 70(2), 103(1), 238 और 3(5) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4/6 के तहत मामला दर्ज किया है। घटनास्थल और मृतका के शरीर से मिले अन्य भौतिक साक्ष्य जब्त कर एफएसएल जांच के लिए भेजे गए हैं।

एसपी की अपील: बच्चों की गतिविधियों पर रखें नजर
एसपी ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान दें, यह जानकारी रखें कि बच्चे किनसे मिलते हैं, कहां जाते हैं और इंटरनेट पर क्या देखते हैं। उन्होंने मोबाइल के इंटरनेट ब्राउज़र और ऑनलाइन गतिविधियों पर निगरानी रखने को कहा। साथ ही बच्चों को सुरक्षित इंटरनेट इस्तेमाल, गलत संगति और अनुचित गतिविधियों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना जरूरी बताया।
छापामारी दल में शामिल अधिकारी

- सन्नी वर्धन, एसडीपीओ, सदर चतरा
- पंकज कच्छप, पुलिस निरीक्षक, सिमरिया अंचल
- चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक एवं थाना प्रभारी, लावालौंग
- विधायक प्रसाद यादव, पुलिस अवर निरीक्षक, लावालौंग थाना
- लावालौंग थाना का सशस्त्र बल और स्थानीय चौकीदार
भरोसे की पहचान: न्यूज स्केल लाइव


















Total Users : 1281646
Total views : 3156908