WhatsApp Group
Join Now
निदेशक चंद्रशेखर गिरि ने कहा- दुर्गा पूजा नारी शक्ति की आराधना है, समाज में हर दिन हो महिलाओं का सम्मान
गुमला: लोहरदगा रोड, दुनदुरिया स्थित प्रसिद्ध प्ले स्कूल ‘बचपन’ में बच्चों द्वारा दुर्गापूजा उत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसका उपस्थित लोगों ने भरपूर आनंद उठाया। कार्यक्रम का शानदार आरंभ प्रिया रंजन सिंह के मार्गदर्शन में हुआ, जहाँ बच्चों ने अत्यंत सजीव रूप में ‘महिषासुर वध’ का मंचन कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान राम के ‘अयोध्या आगमन’ के दृश्य को बेहद खूबसूरती से मंच पर उतारा। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों का उत्साह देखने लायक था। अंत में, रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों ने पारंपरिक डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया, जिसके साथ इस रंगारंग कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक चंद्रशेखर गिरि ने सभी बच्चों और अभिभावकों को दुर्गापूजा की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने नारी शक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “दुर्गा पूजा असल में नारी शक्ति की ही आराधना का पर्व है। हमें सिर्फ नवरात्र में ही नहीं, बल्कि वर्ष के प्रत्येक दिन नारी का सम्मान करना चाहिए। समाज को पुरातन काल की तरह ही आज के आधुनिक दौर में भी महिलाओं को सफल, आत्मनिर्भर और शक्तिशाली बनाने के लिए अपना पूरा सहयोग देना चाहिए।” इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं—अंकिता, आकांक्षा, सुमति, सोनल, अर्पिता राय, जुलियाना, मीनू गुप्ता, सुमन, स्नेहा और सभी बच्चों का सराहनीय योगदान रहा।
17 से 21 अक्टूबर तक रहेगा अवकाश: विद्यालय प्रबंधन द्वारा यह भी जानकारी दी गई कि दुर्गापूजा के पावन अवसर पर स्कूल में दिनांक 17 अक्टूबर 2026 से 21 अक्टूबर 2026 तक पूजा अवकाश घोषित किया गया है। अवकाश के बाद स्कूल पुनः अपने निर्धारित समय पर खुलेगा।














Total Users : 1277027
Total views : 3149609