कर्ज लेकर खरीदी थी 1.15 लाख की गाय, हादसे से परिवार पर टूटा आर्थिक संकट
भंडरा (लोहरदगा)। प्रखंड के गडरपो पंचायत अंतर्गत धनामुंजी गरिया टोली में बुधवार की देर शाम वज्रपात की चपेट में आने से एक दुधारू गाय की मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से पशुपालक मुस्तफा खान, पिता अलीम खान, को करीब 1 लाख 15 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
बताया गया कि बुधवार शाम करीब 7 बजे मौसम अचानक खराब हो गया। तेज गर्जना के साथ हल्की बारिश हो रही थी। मुस्तफा खान ने अपनी गाय समेत अन्य मवेशियों को गोशाला में बांध रखा था और स्वयं घर में थे। इसी दौरान जोरदार आवाज के साथ वज्रपात हुआ। जब वह गोशाला पहुंचे तो उनकी दुधारू गाय की मौत हो चुकी थी।
कर्ज लेकर खरीदी थी गाय, दूध बेचकर चलता था परिवार
मुस्तफा खान के अनुसार, उन्होंने कुछ दिन पहले ही पतरातू से कर्ज लेकर 1.15 लाख रुपये में गाय खरीदी थी। अच्छी नस्ल की यह गाय प्रतिदिन करीब 25 लीटर तक दूध देती थी। दूध की बिक्री से परिवार का खर्च चलने के साथ कर्ज की किस्त भी चुकाई जा रही थी। गाय की अचानक मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद से परिजन सदमे में हैं।
मुखिया ने मुआवजे के लिए रिपोर्ट भेजने का दिया भरोसा
घटना की जानकारी मिलने पर गडरपो पंचायत के मुखिया सुमित उरांव गुरुवार सुबह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लेकर किसान को सांत्वना दी।
मुखिया ने कहा कि वज्रपात प्राकृतिक आपदा की श्रेणी में आता है और पशु क्षति के लिए सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजे की व्यवस्था है। पंचायत की ओर से घटना की रिपोर्ट तैयार कर प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी, भंडरा को भेजी जाएगी, ताकि पीड़ित किसान को नियमानुसार सहायता मिल सके। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।



















Total Users : 1282207
Total views : 3157821