मुआवजे को लेकर अड़े ग्रामीण, आश्रित को 50 लाख रुपये और एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग
चतरा। सदर थाना क्षेत्र के सीमा चौक के समीप कोयला वाहन की चपेट में आने से 35 वर्षीय अरविंद सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने घायल अरविंद सिंह को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मृतक सीमा रंगवारा गांव का रहने वाला था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मुआवजे समेत अन्य मांगों को लेकर ग्रामीणों ने चतरा-सिमरिया मुख्य पथ को जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। समाचार लिखे जाने तक करीब 17 घंटे से सड़क जाम जारी था।
50 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग
परिजन मृतक के आश्रित को 50 लाख रुपये मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़े हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अरविंद सिंह की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। मृतक अपने पीछे दो छोटी बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल उचित मुआवजा दिलाने और पीड़ित परिवार के एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की है।
सांसद समेत अन्य लोग पहुंचे मौके पर
सड़क जाम और ग्रामीणों के आंदोलन की सूचना मिलने के बाद सांसद कालीचरण सिंह और सिमरिया विधानसभा प्रत्याशी मनोज चंद्रा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों एवं ग्रामीणों से बातचीत कर घटना और उनकी मांगों की जानकारी ली।
इधर, सड़क जाम के कारण आम लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से जाम समाप्त कराने और स्थिति को शांत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों की मांग और प्रशासन के बीच सहमति बनने के बाद ही सड़क जाम समाप्त होने की उम्मीद है।


















Total Users : 1282222
Total views : 3157844