दोमुहान नदी पर पुल न होने से एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी गांव तक, ग्रामीणों ने की तत्काल पुल निर्माण की मांग
कुंदा (चतरा), संवाददाता। विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर प्रशासनिक दावों के बीच कुंदा प्रखंड के सिकीदाग पंचायत से चौंकाने वाली जमीनी हकीकत सामने आई है।
एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी गांव तक, खाट बनी सहारा
पंचायत के बुटकुइया गांव में सोमवार को प्रसव पीड़ा से परेशान 28 वर्षीय रीता देवी को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी, क्योंकि दोमुहान नदी पर पुल न होने के कारण गांव तक एंबुलेंस पहुंचने में भारी परेशानी हुई।
स्थिति को देखते हुए परिजनों और ग्रामीणों ने रीता देवी को खाट पर लादकर करीब एक किलोमीटर से अधिक दूरी तक पैदल ढोया और मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद वाहन की मदद से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कुंदा ले जाया गया।
सड़क की स्थिति भी अत्यंत दयनीय
गांव में कुछ दूरी तक सड़क की स्थिति भी अत्यंत दयनीय है। ग्रामीणों का कहना है कि दोमुहान नदी पर पुल न होने के कारण बरसात समेत अन्य समय में भी आवागमन लगातार प्रभावित रहता है।
सबसे ज्यादा मार मरीजों, गर्भवती महिलाओं पर

उनका कहना है कि इसकी सबसे अधिक मार मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों पर पड़ती है। ग्रामीणों ने नदी पर पुल निर्माण की मांग करते हुए कहा कि यदि गांव तक सड़क और पुल की सुविधा होती, तो आपात स्थिति में एंबुलेंस सीधे घर तक पहुंच सकती थी।
विकास और सुविधाओं के बीच गहरे अंतर को उजागर करती घटना
यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के बीच मौजूद गहरे अंतर को उजागर करती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोमुहान नदी पर जल्द से जल्द पुल निर्माण कराने की मांग की है।
न्यूज स्केल लाइव — भरोसे की पहचान





















Total Users : 1282536
Total views : 3158380