CRPF के दो जवान और पुलिस के दो कर्मियों पर आरोप, पीड़िता की शिकायत के बाद दर्ज हुई FIR
अमरोहा (उत्तर प्रदेश) : अमरोहा जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने CRPF के एक इंस्पेक्टर व हेड कॉन्स्टेबल तथा उत्तर प्रदेश पुलिस के एक उपनिरीक्षक और एक सिपाही पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता हरियाणा के फतेहाबाद की रहने वाली बताई गई है। शिकायत के अनुसार, 20 सितंबर को उसकी एक परिचित से बातचीत हुई थी। इसके बाद उसे सोनीपत में CRPF के हेड कॉन्स्टेबल मोहित से मिलने के लिए कहा गया। 21 सितंबर को युवती सोनीपत पहुंची, जहां मोहित उसे अपनी कार से लेकर मेरठ की ओर रवाना हुआ। आरोप है कि रास्ते में CRPF इंस्पेक्टर लालाराम यादव भी कार में सवार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, दोनों युवती को अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र में लेकर पहुंचे। वहां उनकी मुलाकात हसनपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक संजय तोमर से हुई। इसके बाद सभी झुलपुरी गांव स्थित एक फार्म हाउस पहुंचे, जहां दो कमरे लिए जाने की बात शिकायत में कही गई है।
पीड़िता के आरोप के अनुसार, हसनपुर थाने का सिपाही प्रमोद वहां खाना और शराब लेकर पहुंचा। भोजन के बाद CRPF के दोनों कर्मियों और उपनिरीक्षक पर उसके कमरे में जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक, जब सिपाही प्रमोद कमरे में जाने लगा तो युवती ने उसे धक्का देकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और इंटरनेट के माध्यम से स्थानीय पुलिस का नंबर तलाशकर अधिकारियों को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। अमरोहा पुलिस के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसकी शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने मामले में CRPF के हेड कॉन्स्टेबल विक्की उर्फ मोहित, इंस्पेक्टर लालाराम यादव, हसनपुर थाने के उपनिरीक्षक संजय तोमर और सिपाही प्रमोद को गिरफ्तार किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुरादाबाद के डीआईजी मुनिराज ने भी अमरोहा पहुंचकर घटनास्थल और जांच की स्थिति का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है। युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक एवं जांच प्रक्रिया के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।
न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान




















Total Users : 1201625
Total views : 3042251