निकली अंतिम यात्रा, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि; गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
रांची (झारखंड) : ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा की सड़क हादसे में हुई मौत के बाद गुरुवार को रांची स्थित मंत्री के आवास से उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। गमगीन माहौल में निकली अंतिम यात्रा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित झारखंड सरकार के मंत्री, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, परिजन, शुभचिंतक और बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
अंतिम यात्रा के दौरान हर किसी की आंखें नम नजर आईं। अपनी बेटी को अंतिम विदाई देते समय मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार का दुख देखकर वहां मौजूद लोगों का भी भावुक होना स्वाभाविक रहा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अंतिम यात्रा में सहभागिता की।
तृषा की अंतिम यात्रा में राजनीतिक दलों की सीमाएं भी पीछे छूटती नजर आईं। कांग्रेस, भाजपा सहित विभिन्न दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंत्री के आवास पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधाया और दिवंगत तृषा को श्रद्धांजलि दी।
इस दुखद अवसर पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू समेत कई नेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त की।
नेताओं ने कहा कि कम उम्र में संतान को खोना माता-पिता के लिए अत्यंत पीड़ादायक होता है। सभी ने दिवंगत तृषा की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति मिलने की कामना की। अंतिम यात्रा के बाद गमगीन माहौल में तृषा का अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों, शुभचिंतकों और मौजूद लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान




















Total Users : 1282546
Total views : 3158397