WhatsApp Group Join Now

गुमला -श्री सर्वेश्वरी समूह एक ऐसी संस्था है, जिसके उद्भभव के पार्श्व में एक विलक्षण प्रेरणा और अदृश्य शक्ति कार्य कर रही है। इस संस्था के संस्थापक पूज्यपाद अवधूत भगवान राम ने महाश्मशान काशी नगरी में 21 सितंबर 1961 को “श्री सर्वेश्वरी समूह” नामक संस्था की स्थापना करके अघोर परंपरा को एक नयी दिशा, प्रतिष्ठा, और वंदनीय भावभूमि प्रदान की।
अघोरेश्वर भगवान राम की दृष्टि में श्री सर्वेश्वरी समूह उनकी योगलीला है। मूलतः मानव में आलस्य एवं प्रमाद न हो, इसलिए इसकी सृष्टि की गई है। यह वृहद संगठन संपूर्ण मानवता के कल्याण के लिए निरंतर चिंतन और मार्गदर्शन करता है। एक विशुद्ध आध्यात्मिक और सामाजिक सरोकारों से आच्छादित यह समाजसेवी संस्था किसी भी विशेष धर्म,जाति, सम्प्रदाय से उपर उठकर सेवा की अविरल धारा को गति देता है। समाज में व्याप्त कुप्रथाओं और विकृतियों के उन्मूलन की दिशा में सदैव तत्पर यह संस्था वो विशाल वृक्ष है जिसके नीचे शीतल छाया प्राप्त होती है। मान्यता है कि समूह से संबंध रखना एक अच्छे आदर्श मित्र से संबंध रखने के समतुल्य है।
राष्ट्रहित एवं मानव मात्र के कल्याण को सर्वोपरि ग्राह्म करने वाले इस संस्था का 66 वां स्थापना दिवस आज पूरे देश के समूह की शाखाओं में धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी क्रम में श्री सर्वेश्वरी समूह प्रार्थना गृह, गुमला में भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रातः प्रभात फेरी के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। समूह के सदस्यों द्वारा नगर के विभिन्न मार्गों का परिभ्रमण करते हुए जयकारा लगाया गया।अहले सुबह नगर सर्वेश्वरी त्वं पाहिमाम् शरणागतम् भजन से गुंजायमान हो उठा। प्रभात फेरी में महिलाएं भी काफी संख्या में उपस्थित थीं और उनमें खासा उत्साह देखा गया। प्रभात फेरी में समूह के सदस्य काफी अनुशासित देखे गये । प्रभात फेरी सुचारू रूप से चलती रहे इसे लेकर समूह के अजय सिन्हा और संजय महापात्र अंतिम क्षण तक निगरानी बनाये रखे। नगर यात्रा के दौरान जगह जगह श्रद्धालुओं के द्वारा आस्था वाहन में स्थापित किये गये अघोरेश्वर महाप्रभू की पूजा अर्चना की गयी।प्रभात फेरी के बाद नौ बजे समूह के वरिष्ठ सदस्य त्रिलोकी प्रसाद सिन्हा द्वारा समूह के ध्वजारोहण की औपचारिकता पूरी करने के बाद पूजन आरती का आयोजन हुआ।इसके पश्चात गुमला शाखा के उपाध्यक्ष अजय प्रसाद के द्वारा सफल योनी का पाठ किया गया । पाठ समाप्ति होने पर भक्तों द्वारा सूक्ष्म प्रसाद ग्रहण किया गया।
श्री सर्वेश्वरी समूह स्थापना दिवस के मौके पर समूह से संबंधित विषयों पर अपने विचारों को साझा करने के लिए आयोजित पारिवारिक गोष्ठी का शुभारंभ महिला संगठन की नीता हरितीमा के द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण से हुआ। इस दौरान मांडवी रानी के भक्ति भजन प्रस्तुति पर उपस्थित लोग झूम उठे। गोष्ठी में समूह के उपाध्यक्ष विनय कुमार लाल सहित दीक्षा कुमारी, मीरा विश्वकर्मा, दुर्गेश गौड़, माया मिश्र, नन्द कुमार सिंह, रोहिणी प्रसाद तथा आश्रम कुमार ने उदगार व्यक्त करते हुए श्री सर्वेश्वरी समूह के स्थापना की व्याख्या की और उसके विचारों, मान्यताओं को आत्मसात करने की बातें कही। वक्ताओं ने समूह की विचारधारा, किये जाने वाले जनकल्याणकारी कार्यों, अघोरेश्वर महाप्रभू के संदेशों पर भी विस्तृत रुप से प्रकाश डालते हुए अमूल्य संदेशों को ग्रहणीय बतलाया। धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष अजय प्रसाद ने किया।गोष्ठी का संचालन समूह की गुमला शाखा के संयुक्त मंत्री अजय सिन्हा ने की। गोष्ठी के उपरांत भक्तों के बीच सामूहिक प्रसाद का वितरण किया गया । पूरे कार्यक्रम में समूह के सदस्यों और महिला संगठन के सदस्याओं की सक्रिय सहभागिता रही। समूह की गुमला शाखा के मंत्री बिपिन सिन्हा ने स्थापना दिवस कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी सदस्यों का आभार जताया।
















Total Users : 1192254
Total views : 3029088