जमीन मालिक ने उपायुक्त को आवेदन देकर निर्माण रोकने और राजस्व अभिलेखों की जांच की मांग की
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज थाना क्षेत्र में रैयती जमीन पर बिना अनुमति विद्यालय भवन का निर्माण कराए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जमीन मालिक ने चतरा उपायुक्त को आवेदन देकर निर्माण कार्य पर रोक लगाने तथा जमीन की जांच कराने की मांग की है।
आवेदन में हंटरगंज थाना क्षेत्र के औरु पंचायत अंतर्गत सतघरवा गांव निवासी कैलाश यादव ने बताया है कि उनकी रैयती जमीन खाता संख्या 10 एवं प्लॉट संख्या 125 में है। उनके अनुसार, उक्त जमीन पर पूर्व में विद्यालय भवन का निर्माण किया गया था। समय के साथ भवन जर्जर हो गया, जिसके बाद उसे तोड़ दिया गया।
कैलाश यादव का आरोप है कि अब उसी जमीन पर उनकी अनुमति एवं सहमति के बिना दोबारा विद्यालय भवन का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे उनके जमीन संबंधी अधिकार प्रभावित हो रहे हैं और भविष्य में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
जांच पूरी होने तक निर्माण रोकने की मांग
जमीन मालिक ने उपायुक्त से संबंधित जमीन के राजस्व अभिलेख एवं स्थल की जांच कराने का आग्रह किया है। साथ ही जांच पूरी होने तक उनकी रैयती जमीन पर चल रहे विद्यालय भवन के निर्माण कार्य को रोकने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।





















Total Users : 1190444
Total views : 3026742