हादसे में गई जान, पत्नी समेत दो बच्चों को छोड़ गए पीछे; गांव में शोक की लहर
हंटरगंज(चतरा)। प्रखंड अंतर्गत तिलहेत पंचायत के भलुआहा गांव में मंगलवार को दर्दनाक हादसे में सहायक शिक्षक अशोक यादव (38) की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, अशोक यादव खेत में पानी की मोटर चलाने गए थे। इसी दौरान अचानक बिजली के करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजन आनन-फानन में उन्हें हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर हंटरगंज थाना प्रभारी संदीप कुमार पुलिस बल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया।
उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में थे सहायक शिक्षक
मृतक अशोक यादव उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय भलुआहा में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार, वह परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सहायक शिक्षक के असमय निधन की खबर से भलुआहा गांव सहित पूरे प्रखंड में शोक की लहर है। स्थानीय मुखिया सोनी देवी, समाजसेवी रामजी यादव, सहायक शिक्षक विजय यादव, सुरेंद्र यादव, सत्येंद्र ठाकुर, रामस्वरूप साव, शंकर पासवान एवं महावीर यादव ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।






















Total Users : 1186084
Total views : 3020595