डीजे देखने के लिए निकली थी किरण कुमारी, चेहरे व शरीर पर चोट के निशान मिलने की सूचना; मौत की परिस्थितियों की जांच में जुटी पुलिस
कुंदा (चतरा), संवाददाता। चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत बनाशाम गांव की एक युवती का शव मंगलवार को बेसरा गांव के तेतर टांड़ से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान बनाशाम निवासी हीरा गंझु की पुत्री किरण कुमारी के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही कुंदा थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, सोमवार की रात तीज पर्व के दौरान करीब 10:30 बजे किरण को बेसरा गांव स्थित दुर्गा मंडप के पास डीजे बजने की जानकारी मिली। इसके बाद वह डीजे देखने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे।
मंगलवार को करीब तीन बजे बेसरा गांव के तेतर टांड़ में युवती का शव मिलने की सूचना मिली। इसके बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि युवती के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। हालांकि चोट कैसे लगी और युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच में प्रेम प्रसंग समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रही है। घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों के आधार पर पुलिस विभिन्न बिंदुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान






















Total Users : 1186084
Total views : 3020595