जर्जर सड़क पर भारी वाहनों से जाम और दुर्घटना का खतरा, फ्लाई ऐश उड़ने से प्रदूषण की भी शिकायत
सिमरिया (चतरा)। टंडवा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की बढ़ती संख्या से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पहले से जर्जर सड़क पर लगातार ट्रेलर जैसे भारी वाहनों के परिचालन से जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे आम लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसी समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने चतरा उपायुक्त को आवेदन सौंपकर टंडवा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर ट्रेलरों का परिचालन बंद कराने की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि वर्तमान में एनटीपीसी द्वारा फ्लाई ऐश की ढुलाई ट्रेलरों के माध्यम से कराई जा रही है। ये वाहन ग्रामीण एवं घनी आबादी वाले क्षेत्रों से होकर गुजरते हैं।
सड़क पर गिर रहा फ्लाई ऐश, उड़ रही धूल
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रेलरों से परिवहन के दौरान सड़क पर फ्लाई ऐश गिरती रहती है। सड़क पर गिरी फ्लाई ऐश सूखने के बाद धूल के रूप में उड़ती है, जिससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी होती है। हवा में उड़ती धूल आंखों में पड़ने के साथ वातावरण को भी प्रभावित कर रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर बिखरी फ्लाई ऐश के कारण राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। वहीं, ग्रामीणों ने फ्लाई ऐश से होने वाले प्रदूषण के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की भी आशंका जताई है।
जाम, प्रदूषण और दुर्घटनाओं से निजात की मांग
स्थानीय लोगों ने उपायुक्त से अविलंब टंडवा-सिमरिया मार्ग पर ट्रेलरों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि लोगों को जाम, प्रदूषण और दुर्घटनाओं की समस्या से राहत मिल सके। ज्ञापन सौंपने वालों में मनोज कुमार चंद्रा, कमावख्या सिंह, देवनंदन साहु, चंद्रदेव गोप, मुकेश साव, पप्पू सिंह समेत अन्य लोग शामिल थे।






















Total Users : 1180126
Total views : 3012703