Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

पुल नहीं होने से जान जोखिम में डाल नदी पार कर स्कूल जाते हैं बच्चे

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

रसरसी नदी का जलस्तर बढ़ते ही बढ़ जाती है परेशानी, बदहाल सड़क भी बनी दोहरी मुसीबत; टेंडर के बाद भी वन विभाग की मंजूरी का इंतजार

हंटरगंज (चतरा)। पुल नहीं होने के कारण हंटरगंज प्रखंड के दंतार क्षेत्र के स्कूली बच्चे बरसात के दिनों में जान जोखिम में डालकर रसरसी नदी पार कर स्कूल जाने को मजबूर हैं। नदी का जलस्तर बढ़ते ही बच्चों के साथ अभिभावकों की चिंता भी बढ़ जाती है। वहीं घंघरी से दंतार तक जाने वाली सड़क भी जगह-जगह गड्ढों में तब्दील है, जिससे ग्रामीणों को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस मार्ग से दंतार, कसियाडीह, मांझगवा, बनियाबांध, लेढ़ो, कुसुम्भा, तेलियाउना, जोलडीहा, राजगुरु, कुरखेता, पंडरकोला और बघमारी समेत दर्जनों गांवों के ग्रामीण आवागमन करते हैं। बारिश के दिनों में बदहाल सड़क और रसरसी नदी ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन जाती है।

पानी बढ़ने पर स्कूल जाना हो जाता है मुश्किल

ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के दौरान रसरसी नदी का जलस्तर बढ़ने पर बच्चों का स्कूल पहुंचना मुश्किल हो जाता है। कई बच्चे स्कूल बैग लेकर पानी के बीच से नदी पार करते हैं। जलस्तर अधिक बढ़ने पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है और कई बार बच्चों को नदी के दूसरी ओर पानी कम होने का इंतजार करना पड़ता है। इससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती है।

नदी पार करते स्कूली बच्चों की तस्वीरें क्षेत्र की जमीनी हकीकत बयां कर रही हैं। अभिभावक बच्चों को इस तरह नदी पार करते देखकर सहमे रहते हैं। उन्हें आशंका रहती है कि पैर फिसलने या तेज बहाव की चपेट में आने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

टेंडर के बाद भी नहीं शुरू हुआ पुल निर्माण

ग्रामीणों का कहना है कि रसरसी नदी पर पुल निर्माण के लिए टेंडर हो चुका है, लेकिन वन विभाग की मंजूरी नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब पुल की जरूरत लंबे समय से बनी हुई है और टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, तो विभागीय अड़चन कब दूर होगी और पुल निर्माण कब शुरू होगा।

ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया कि जिले के कई प्रखंडों में वन भूमि पर विभिन्न कार्य कराए गए हैं और संबंधित लोगों द्वारा एनओसी प्राप्त होने की बात कही जाती है। ऐसे में आम लोगों से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए वन विभाग की एनओसी प्रक्रिया में इतनी अड़चन क्यों आ रही है, इसकी भी स्पष्टता होनी चाहिए।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मामले में पहल कर वन विभाग की स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी कराने और रसरसी नदी पर पुल निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है, ताकि बच्चों एवं ग्रामीणों को बरसात में जान जोखिम में डालकर नदी पार न करनी पड़े।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment