सहारा इंडिया मामले में बड़ी कार्रवाई: कथित कार्यकारी निदेशक पी.के. पालित गिरफ्तार, लोहरदगा लाया गया
करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप; पूर्व वार्ड पार्षद राजीव रंजन की शिकायत पर पुलिस को मिली बड़ी सफलता
लोहरदगा। करोड़ों रुपये की कथित ठगी के मामले में लोहरदगा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सहारा इंडिया के कथित एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर पी.के. पालित (निवासी उत्तर प्रदेश) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लोहरदगा लाया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम द्वारा आरोपी को लोहरदगा सदर अस्पताल लाकर मेडिकल जांच कराई गई, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस पूरे मामले के शिकायतकर्ता लोहरदगा के पूर्व वार्ड पार्षद एवं व्यवसायी राजीव रंजन हैं। उन्होंने सहारा इंडिया की विभिन्न योजनाओं में अवधि पूरी होने के बावजूद निवेशकों की गाढ़ी कमाई की राशि वापस न मिलने को लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि सहारा इंडिया के अलावा बाद में एक नई कंपनी बनाकर भी काम किया गया, जिसमें लोहरदगा के एक व्यक्ति के कई लाख रुपये सहित जिले के हजारों छोटे-बड़े निवेशकों के करोड़ों रुपये फंसा दिए गए।
पी.के. पालित की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही सहारा इंडिया के पीड़ितों और ठगी के शिकार हुए स्थानीय निवेशकों में अपनी जमा पूंजी वापस मिलने और न्याय की नई किरण जगी है।
मामले के संबंध में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पूरे सिंडिकेट का पता लगाया जा रहा है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों और सहयोगियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ भी जल्द कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





















Total Users : 1098116
Total views : 2909055