लोहरदगा -झारखंड ताइक्वांडो संघ के तत्वावधान में तथा लोहरदगा जिला ताइक्वांडो संघ के आयोजन में 26वीं झारखंड राज्य जूनियर एवं सब-जूनियर ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन 2 से 4 जुलाई 2026 तक होटल अमृत पैलेस, रेलवे साइडिंग, लोहरदगा में किया जा रहा है।
तीन दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से लगभग 700 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, टीम मैनेजर एवं रेफरी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन शुक्रवार को प्रातः 11:00 बजे उपायुक्त लोहरदगा श्री संदीप कुमार मीणा (भा.प्र.से.) ने दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री संजय कुमार शर्मा (अधिवक्ता, झारखंड उच्च न्यायालय एवं सह महासचिव, झारखंड ताइक्वांडो संघ), श्री गोपाल कुमार (कार्यकारी अध्यक्ष, झारखंड ताइक्वांडो संघ), श्री मिथिलेश कुमार सिंह (कार्यकारी चेयरमैन, झारखंड ताइक्वांडो संघ), श्री अशोक कुमार (उपाध्यक्ष, झारखंड ताइक्वांडो संघ), श्री राजेश महतो (अध्यक्ष, लोहरदगा जिला ताइक्वांडो संघ), श्री पारस साहू (कार्यकारी अध्यक्ष, आयोजन समिति), श्री अभय महतो (कोषाध्यक्ष, आयोजन समिति) सहित संघ एवं आयोजन समिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
समारोह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा “वंदे मातरम्” गीत पर आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुति के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, एकता और युवा शक्ति का संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने खूब सराहा।
अपने संबोधन में उपायुक्त श्री संदीप कुमार मीणा ने लोहरदगा में भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन की प्रशंसा करते हुए आयोजन समिति के सभी सदस्यों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही उपस्थित अभिभावकों से अपने बच्चों को खेल गतिविधियों के प्रति प्रेरित करने तथा खेलों को उनके समग्र विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बनाने का आह्वान किया।

उद्घाटन समारोह के उपरांत उपायुक्त महोदय ने ताइक्वांडो खेल की तकनीकी बारीकियों को समझने के लिए खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत डेमोंस्ट्रेशन का अवलोकन किया तथा चेस्ट गार्ड पर प्रहार कर खेल की तकनीक एवं स्कोरिंग प्रणाली की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगिता में कार्यरत सभी निर्णायकों एवं रेफरियों से परिचय प्राप्त कर उनके कार्यों की सराहना की।
झारखंड ताइक्वांडो संघ एवं लोहरदगा जिला ताइक्वांडो संघ ने राज्य के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों एवं नागरिकों से प्रतियोगिता स्थल पर उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
























Total Users : 1051945
Total views : 2843959