न पीने का पानी, न शौचालय दुरुस्त—गरीब मरीज बेहाल, प्रशासन मौन
देवघर। जिले का सबसे बड़ा और प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य संस्थान देवघर सदर अस्पताल इन दिनों इलाज से ज्यादा अपनी कुव्यवस्थाओं को लेकर चर्चा में है। कभी मरीजों से अवैध रूप से पैसे लेने के आरोप, तो कभी पैसों के बदले मामूली मामलों को जबरन ग्रीवियस दिखाने की शिकायतें—सदर अस्पताल लगातार सवालों के घेरे में रहा है। हैरानी की बात यह है कि गर्मी ने अभी पूरी तरह दस्तक भी नहीं दी, लेकिन अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकते साफ देखा जा सकता है। अस्पताल परिसर में न तो शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था है और न ही मरीजों के उपयोग योग्य शौचालय। वर्तमान स्थिति यह है कि मरीजों के लिए शौचालय जर्जर पड़े हैं, वहीं मरम्मत के नाम पर महीनों पहले तोड़-फोड़ कर छोड़ दिए गए शौचालय आज तक दुरुस्त नहीं हो सके। ऐसे में सवाल उठता है कि मरीज और उनके परिजन शौच जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए आखिर जाएं तो कहां जाएं?
ग्रामीण इलाकों से आने वाले गरीब मरीज किसी तरह गाड़ी-भाड़ा जुटाकर सदर अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन यहां पहुंचने के बाद न उन्हें पीने का पानी मिलता है और न ही साफ-सुथरा शौचालय। अस्पताल परिसर में पहले मौजूद एकमात्र चापाकल भी अब बदहाल अवस्था में है, और वर्तमान में एक भी कार्यशील चापाकल उपलब्ध नहीं है, जिससे मजबूरन परिजन बोतल लेकर अस्पताल के बाहर भटकते नजर आते हैं। इतना ही नहीं, महिलाओं के स्नान के लिए बाथरूम की भी कोई व्यवस्था नहीं है, जो अस्पताल की संवेदनहीन व्यवस्था को उजागर करता है। यह स्थिति तब है, जब सदर अस्पताल में फंड की कमी नहीं मानी जाती—लेकिन इसके बावजूद सुविधाओं का अभाव यह संकेत देता है कि समस्या संसाधनों की नहीं, बल्कि नीयत और निगरानी की है।
चौंकाने वाली बात यह है कि इन तमाम समस्याओं की जानकारी अस्पताल के वरीय अधिकारियों, सीएस और डीएस को भी है, फिर भी आज तक ठोस सुधार क्यों नहीं किया गया—यह आमजन की समझ से परे है। सदर अस्पताल की यह बदहाल तस्वीर न सिर्फ स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी सोचने पर मजबूर करती है कि क्या गरीब मरीजों को सरकारी अस्पतालों में सम्मानजनक इलाज और बुनियादी सुविधाएं मिलना अब भी एक चुनौती बना रहेगा?
✍️ सुधांशु शेखर
देवघर ब्यूरो | News Scale Live















Total Users : 1279799
Total views : 3154070