मयूरहंड (चतरा)। राजद प्रखंड अध्यक्ष का चुनाव सोमवार को मयूरहंड प्रखंड के बनहा में संपन्न हुआ। चुनाव संपन्न कराने को लेकर पार्टी ने प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सुभाष यादव एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी छठु सिंह भोक्ता को प्रतिनियुक्त किया था। दोनों पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में राजद कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से बनहा निवासी मोहम्मद जमील अख्तर को मयूरहंड प्रखंड अध्यक्ष चुना। जिसके बाद निर्वाची पदाधिकारी ने सर्टिफिकेट जारी कर विधिवत घोषणा पत्र जारी कर बधाई दी। ज्ञात हो कि राजद शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर चतरा ग्रामीण, कुंदा एवं मयूरहंड प्रखंड में पूर्व चुनाव को रद्द कर नया चुनाव संपन्न कराया गया। नव नियुक्त प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि जिस आशा व विश्वास के साथ जिम्मेवारी दी गई है उसपर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। वहीं दूसरी ओर 31 मई को राजद प्रखंड अध्यक्ष का चुनाव निर्वाची पदाधिकारी सुरेश पासवान एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी सरयू यादव की उपस्थिति में संपन्न कराई गई थी। जिसमें महूवरी निवासी महराज यादव को प्रखंड अध्यक्ष चुना गया था और निर्वाची पदाधिकारी ने नियुक्ति पत्र सौंप घोषणा की थी। ऐसे में दो दावेदार प्रखंड में हो गए हैं।