
गिद्धौर(चतरा)। गिद्धौर प्रखंड के बारियातु पंचायत भवन की मरम्मती का कार्य किया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार मरम्मती कार्य ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल द्वारा कराया जा रहा है। प्रखंड के सभी पंचायतों में पंचायत भवन की मरम्मती की निविदा निकाली गयी थी और यह कार्य डीएमएफटी मद से किया जा रहा है। परन्तु संवेदक के द्वारा मरम्मती का कार्य प्राक्कलन के अनुसार नहीं कर सिर्फ खानापूर्ति करते हुए सरकारी पैसे का द्रुपयोग किया जा रहा है। भवन के पुराने व जर्जर प्लास्टर पर ही जैसे तैसे पेंट व पुट्टी किया जा रहा है। मरम्मती कार्य में खानापूर्ति देख ग्रामीणों ने विरोध जताया और विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में कार्य करवाने की मांग उपायुक्त से की है। बताया गया कि बारियातु पंचायत भवन 2008-9 में लगभग 15 लाख रुपए की लागत से बना था और आज उसी पंचायत भवन की मरम्मती का कार्य लगभग 25 लाख रुपए से किया जा रहा है। इतने राशि खर्च होने के बावजूद मरम्मती कार्य में सिर्फ निपा पोती की जा रही है। ग्रामीणों ने प्राक्कलन के अनुसार कार्य करवाने की मांग की है। इस संबंध में विभाग के जेई ने बताया कि मरम्मत कार्य में जितने भी छतिग्रस्त हिस्सा है उसे हटा कर ही कार्य करना है।