लोहरदगा के कैरो में खूनी वारदात, टांगी से गर्दन काटकर कारी उरांव की हत्या; दो बच्चे गंभीर रूप से घायल
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा घायल अवस्था में पुलिस निगरानी में इलाजरत
कैरो (लोहरदगा)। लोहरदगा जिले के कैरो थाना क्षेत्र के गुड़ी खक्सीटोली गांव में आपसी मारपीट की घटना ने खूनी रूप ले लिया। 15 अक्टूबर की रात हुई इस वारदात में कारी उरांव की टांगी से गर्दन काटकर हत्या कर दी गई, जबकि उनकी करीब 17 वर्षीय बेटी और आठ वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कैरो थाना प्रभारी रविरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को ग्रामीणों की मदद से बोलेरो वाहन के माध्यम से सदर अस्पताल, लोहरदगा भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान मृतक के शव के पास हत्या में प्रयुक्त दो टांगी और मोटरसाइकिल का एक शॉकर पाइप बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों टांगी और शॉकर पाइप को विधिवत जब्त कर लिया है।
मामले में घायल पुत्री के बयान के आधार पर कैरो थाना कांड संख्या 48/26, दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने इस मामले में गुड़ी खक्सीटोली निवासी मुकेश उरांव को गिरफ्तार किया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
वहीं, मामले के दूसरे प्राथमिक अभियुक्त गोंडल उरांव, पिता बिरसा उरांव, के घायल होने के कारण पुलिस निगरानी में उसका इलाज कराया जा रहा है।
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में कैरो थाना प्रभारी रविरंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार मुर्मू, सहायक अवर निरीक्षक रंजन कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक जमशेद खान और कैरो थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।























Total Users : 1233946
Total views : 3086636