खनन टास्क फोर्स की बैठक में डीसी ने वीटीडी-जीपीएस और सीसीटीवी व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा
चतरा (झारखंड) संवाददाता | समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित निगरानी के साथ अभियान को और तेज करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी मनोज टोप्पो ने कार्रवाई का आंकड़ा प्रस्तुत करते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर 2026 तक 26 वाहन जब्त किए गए हैं और 18 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। वहीं पकड़े गए 79 वाहनों से 34.15 लाख रुपये से अधिक की दंड राशि वसूल की गई है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में सितंबर 2025 तक 124 वाहन जब्त, 52 प्राथमिकी दर्ज तथा 142 वाहनों से 25.58 लाख रुपये से अधिक की दंड राशि वसूल की गई थी।

वाहनों की कंपाउंडिंग के प्रावधान से कम हुई प्राथमिकी
प्राथमिकी की संख्या में कमी के संबंध में जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि 27 अप्रैल 2026 को झारखंड मिनरल्स अमेंडमेंट रूल्स, 2026 अधिसूचित किए गए हैं। इसके तहत पकड़े गए वाहनों की कंपाउंडिंग का प्रावधान है। नियमानुसार दंड राशि की वसूली की जा रही है।
बैठक में सीसीएल के वाहनों में वीटीडी पंजीकरण शून्य पाए जाने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी परियोजना पदाधिकारियों को वाहनों में AIS-140 सर्टिफिकेशन प्राप्त वीटीडी (जीपीएस) इंस्टॉल कराने तथा उनका वीटीएस पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बिना तिरपाल कोयला परिवहन पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने कोयले का परिवहन अनिवार्य रूप से तिरपाल से ढककर करने पर जोर दिया। बैठक में बिना वीटीडी अथवा बिना तिरपाल कोयला ढोने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को ब्लैकलिस्ट करने का निर्देश दिया गया। सीसीएल को खनन क्षेत्रों के संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश भी दिया गया।
सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट ने बताया कि चतरा के एन.के. एरिया, आम्रपाली एवं पिपरवार क्षेत्र में सीआईएसएफ की तैनाती है। छापामारी अभियान के दौरान अब तक करीब 2,000 टन कोयला, पांच हाईवा सहित अन्य वाहन एवं उपकरण जब्त किए गए हैं।
रैट होल माइनिंग पर निगरानी, अवैध मुहानों की डोजरिंग के निर्देश
उपायुक्त ने रैट होल माइनिंग जैसी अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। साथ ही मानसून के बाद चिन्हित अवैध खनन मुहानों की डोजरिंग कराने को कहा गया, ताकि अवैध खनन की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। बैठक में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को बिना CTE/CTO संचालित क्रशर, खनन पट्टों एवं ईंट-भट्ठों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा अवैध चिमनी भट्ठों को ध्वस्त करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी, वन प्रमंडल पदाधिकारी राहुल मीणा, डीएसपी मुख्यालय, जिला खनन पदाधिकारी मनोज टोप्पो, सीसीएल के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।





















Total Users : 1210323
Total views : 3054290