भोजपुरी गायिका निशा दूबे व राजू हलचल की झांकियों ने मोहा मन, रातभर झूमे लोग
टंडवा (चतरा), संवाददाता। श्री गणपति महोत्सव के उपलक्ष्य में गुरुवार रात्रि चतरा जिले के टंडवा प्रखंड मुख्यालय स्थित चुंदरु धाम में भव्य जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौसम की बेरुखी और हल्की फुहार के बावजूद भक्ति का बयार हर बाधा पर भारी पड़ा।
बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं ने आकर्षक झांकियों का जमकर लुत्फ उठाया और भक्ति गीतों पर रातभर झूमते रहे। भोजपुरी अभिनेत्री सह गायिका निशा दूबे की सुरीली आवाज ने दर्शकों को रातभर ठहरने और झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं चर्चित कलाकार राजू हलचल ग्रुप की झांकियों ने भी लोगों का दिल जीत लिया — महिषासुरमर्दिनी के दिव्य स्वरूप में राजू हलचल ने कई जीवंत झांकियों की प्रस्तुति दी।
मंदिर प्रांगण में लगाए गए विभिन्न प्रकार के झूलों का दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया, वहीं महिलाओं ने घरेलू व श्रृंगार सामग्रियों की जमकर खरीदारी की। हालांकि लोगों की मानें तो मौसम के करवट का कुछ हद तक असर दर्शकों की संख्या पर पड़ा।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन पूर्व विधायक सह अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश स्तरीय नेता किसुन कुमार दास समेत मंदिर समिति के तमाम पदाधिकारियों की मौजूदगी में संयुक्त रूप से किया गया। इस दौरान अतिथियों, दानदाताओं एवं समिति में स्थाई सदस्यता ग्रहण करने वाले लोगों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर मंदिर विकास समिति, स्थानीय पुलिस-प्रशासन, जनप्रतिनिधियों व प्रबुद्धजनों के बेहतरीन समन्वय से कार्यक्रम हर्षोल्लासपूर्वक व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इसके लिए मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष विकास गुप्ता ने सभी सहयोगियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
न्यूज स्केल लाइव — भरोसे की पहचान




















Total Users : 1201632
Total views : 3042259