अखिल भारतीय नाई संघ ने एसपी को सौंपा आवेदन, गायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग
चतरा। नाई समाज के प्रति कथित आपत्तिजनक एवं अश्लील गीत गाए जाने के विरोध में गुरुवार को अखिल भारतीय नाई संघ एवं सैलून एसोसिएशन के बैनर तले बड़ी संख्या में समाज के लोग चतरा पहुंचे। प्रदर्शनकारी गायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समाहरणालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को आवेदन सौंपकर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
संघ के जिला अध्यक्ष उमेश कुमार ठाकुर के नेतृत्व में सौंपे गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि गणेश लाजवाब यादव एवं उनके सहयोगियों द्वारा यूट्यूब चैनल पर नाई समाज को लेकर आपत्तिजनक गीत प्रसारित किया गया है। आवेदन में गीत के कथित बोल का भी उल्लेख किया गया है, जिसे समाज के लोगों ने अपमानजनक बताते हुए विरोध जताया।
12 प्रखंडों से पहुंचे समाज के लोग
नाई समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि चतरा जिले के 12 प्रखंडों से सैलून संचालक एवं समाज के लोग एकजुट होकर मामले का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से संबंधित यूट्यूब चैनल और गीत की जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
प्रतिनिधियों ने कहा कि किसी भी समाज या समुदाय के प्रति अपमानजनक सामग्री का प्रसारण सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकता है। इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए। मौके पर संघ के जिला अध्यक्ष उमेश कुमार ठाकुर समेत बड़ी संख्या में नाई समाज के लोग मौजूद रहे। प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।




















Total Users : 1201641
Total views : 3042270