आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों को दी गई जानकारी, प्रतिभागियों को मिला प्रमाण पत्र
चतरा। सिविल सर्जन कार्यालय, चतरा के कॉन्फ्रेंस हॉल में मंगलवार को पिरामल फाउंडेशन सांगम कोलैबोरेटिव टीम के सहयोग से आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में दवाओं एवं आवश्यक स्वास्थ्य सामग्रियों की उपलब्धता, उचित भंडारण, स्टॉक प्रबंधन तथा मांग एवं आपूर्ति की बेहतर योजना को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों की क्षमता को मजबूत करना रहा।
प्रशिक्षण में जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला अस्पताल से फार्मासिस्ट, स्टोर कीपर, हॉस्पिटल मैनेजर तथा ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर शामिल हुए। प्रतिभागियों को आवश्यक दवाओं एवं स्वास्थ्य सामग्रियों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने, स्टॉक का व्यवस्थित प्रबंधन करने तथा आपूर्ति श्रृंखला को प्रभावी एवं सुचारु बनाने से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
डीवीडीएमएस के प्रभावी उपयोग पर जोर
कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाओं एवं स्वास्थ्य सामग्रियों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने में प्रभावी आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी का उपयोग बेहतर स्टॉक प्रबंधन एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में करने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. प्रदीप कुमार, एसएनओ, डीवीडीएमएस एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों ने आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। विशेष रूप से डीवीडीएमएस के प्रभावी उपयोग, दवाओं एवं स्वास्थ्य सामग्रियों के स्टॉक प्रबंधन तथा मांग एवं आपूर्ति की योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर भी प्रतिभागियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में पिरामल फाउंडेशन सांगम कोलैबोरेटिव टीम की ओर से सिविल सर्जन, डॉ. प्रदीप कुमार (एसएनओ, डीवीडीएमएस), डीआरसीएचओ, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला नोडल पदाधिकारी (गुणवत्ता), वीबीडीसी एवं जिला डाटा प्रबंधक को शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
प्रशिक्षण का संचालन एवं सहजीकरण पिरामल फाउंडेशन सांगम कोलैबोरेटिव टीम के डॉ. रोहिणी, रितेश, अभिनंदन अबिद, मोहित, हरिओम, आकृति एवं मोनिका ने किया। कार्यक्रम में संबंधित पदाधिकारियों सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे। समापन पर सभी प्रतिभागियों को सिविल सर्जन एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।





















Total Users : 1186080
Total views : 3020589