गणेश चतुर्दशी की छुट्टी में घर गया था किरायेदार, लौटने पर टूटा मिला ताला; सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
हंटरगंज(चतरा)। थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़केदली गांव में सोमवार की रात चोरों ने एक सुनसान मकान का ताला तोड़कर करीब 25 हजार रुपये नकद एवं जेवरात की चोरी कर ली। घटना के बाद घर का सामान इधर-उधर बिखरा मिला। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, गढ़केदली निवासी मुकुल सिंह का मकान है। वह फिलहाल सीसीएल में बोकारो में कार्यरत हैं और उनका परिवार भी वहीं रहता है। मकान में डुमरिया निवासी शिक्षक राजेश कुमार किरायेदार के रूप में रहते हैं। गणेश चतुर्दशी की छुट्टी के कारण राजेश कुमार अपने गांव बोकारो गए हुए थे। इसी दौरान मकान को सुनसान पाकर चोरों ने सोमवार रात मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।
चोरों ने अंदर रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे नकद रुपये और कीमती जेवरात निकाल लिए और फरार हो गए। मंगलवार सुबह शिक्षक राजेश कुमार घर पहुंचे तो ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाने पर बक्से का ताला भी टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर करीब 25 हजार रुपये नकद और जेवरात गायब मिले।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर हंटरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मकान मालिक को भी घटना की जानकारी दी। खबर लिखे जाने तक मकान मालिक के मौके पर नहीं पहुंचने के कारण थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
फिलहाल चोरी गए जेवरात समेत अन्य सामानों के कुल मूल्य का सही आकलन नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने सुनसान घरों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं को देखते हुए पुलिस से रात्रि गश्ती तेज करने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की मांग की है।





















Total Users : 1186086
Total views : 3020598