ग्रिल का ताला-कुंडी तोड़कर इनवर्टर, बैट्री समेत चिकित्सा उपकरण ले गए चोर, प्राथमिकी दर्ज
सिमरिया(चतरा)। थाना क्षेत्र अंतर्गत देल्हो स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सोमवार की देर रात अज्ञात चोरों ने मुख्य द्वार के ग्रिल का ताला और कुंडी तोड़कर करीब साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य के चिकित्सा उपकरण एवं अन्य सरकारी सामग्री चोरी कर ली। चोरों ने केंद्र से इनवर्टर, बैट्री, स्टेबलाइजर, वेइंग मशीन, नेबुलाइजर, डॉपलर, डिलीवरी इंसुलेटर, ओटी लाइट समेत महत्वपूर्ण सरकारी रजिस्टरों पर हाथ साफ कर दिया।
घटना का पता मंगलवार सुबह उस समय चला, जब कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर सोनी कुमारी केंद्र पहुंचीं। उन्होंने देखा कि मुख्य द्वार के ग्रिल का ताला और कुंडी टूटी हुई है तथा अंदर सामान बिखरा पड़ा है। छानबीन करने पर कई महत्वपूर्ण उपकरण गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल सिमरिया थाना पुलिस और विभागीय अधिकारियों को घटना की सूचना दी। सीएचओ के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चिकित्सा पदाधिकारी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
चोरी की सूचना मिलने पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बीएन प्रसाद आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने गायब हुए सामानों की विस्तृत सूची तैयार कराई। चिकित्सा अधिकारी एवं सीएचओ ने थाना प्रभारी से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, चोरी में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामानों की बरामदगी की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।





















Total Users : 1186078
Total views : 3020587