Homeबिहारझारखंडदेश-विदेशमनोरंजनखेलक्राइमशिक्षाराजनीतिहेल्थराशिफल
---Advertisement---

जमीन म्यूटेशन के नाम पर 35 हजार रुपये रिश्वत मांगने वाला राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

एसीबी की ट्रैप टीम ने 15 हजार रुपये की पहली किस्त लेते दबोचा, चतरा के इटखोरी अंचल में पदस्थापित था आरोपी

हजारीबाग/चतरा, न्यूज स्केल संवाददाता। भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), हजारीबाग की टीम ने मंगलवार को चतरा जिले में कार्रवाई करते हुए राजस्व कर्मचारी को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी की गिरफ्तारी एसीबी की गठित ट्रैप टीम ने दंडाधिकारी एवं दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में की। गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एसीबी को दिए आवेदन के अनुसार, गिद्धौर थाना क्षेत्र के नयाखाप गांव निवासी तुलसी यादव ने अपनी पत्नी अंगूरी देवी के नाम से असड़िया, प्रखंड एवं जिला चतरा अंतर्गत खाता संख्या-20, प्लॉट संख्या-459 में 20 डिसमिल जमीन खरीदी थी। उक्त जमीन का म्यूटेशन कराने के लिए जब वह राजस्व कर्मचारी से मिला तो कर्मचारी द्वारा कथित रूप से 35 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई।

रिश्वत देने की इच्छा नहीं होने पर तुलसी यादव ने मामले की शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हजारीबाग से की। शिकायत के बाद एसीबी के सत्यापनकर्ता ने तकनीकी माध्यम से शिकायत का सत्यापन किया। सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये रिश्वत मांगने की बात सामने आई। इसके आधार पर एसीबी थाना हजारीबाग कांड संख्या 09/2026, दिनांक 14 सितंबर 2026 दर्ज किया गया।

इसके बाद एसीबी हजारीबाग की गठित ट्रैप टीम ने मंगलवार, 15 सितंबर 2026 को कार्रवाई की। पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता राजस्व कर्मचारी के पास रिश्वत की रकम लेकर पहुंचा। जैसे ही आरोपी ने 15 हजार रुपये रिश्वत के रूप में स्वीकार किए, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद, पिता स्वर्गीय सुरेश प्रसाद, ग्राम गुली, डाकघर पितीज, थाना इटखोरी, जिला चतरा के निवासी हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment