मानसिक स्वास्थ्य, तनाव व अवसाद के लक्षणों की समय पर पहचान पर जोर; विद्यार्थियों की हुई काउंसलिंग
चतरा। विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग, चतरा की ओर से सिविल सर्जन सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन ने किया। इस दौरान मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, आत्महत्या की रोकथाम तथा जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता और परामर्श उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, तनाव एवं अवसाद के लक्षणों की समय पर पहचान तथा उचित परामर्श और उपचार आत्महत्या की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ समझने और जरूरतमंदों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।
अचानक व्यवहार में बदलाव को गंभीरता से लेने की जरूरत
मनोचिकित्सक डॉ. जे. श्रावणी ने आत्महत्या के संभावित कारणों, मानसिक तनाव एवं अवसाद से संबंधित विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के व्यवहार में अचानक बदलाव, अत्यधिक निराशा, सामाजिक दूरी तथा लगातार तनाव या अवसाद जैसे संकेतों को गंभीरता से लेना जरूरी है। उन्होंने जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ से मनोचिकित्सकीय परामर्श लेने के उपाय भी बताए। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों के सवालों का समाधान किया गया।
मोकतमा विद्यालय में भी हुआ जागरूकता कार्यक्रम
विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर पीएम श्री उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, मोकतमा में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उच्च कक्षाओं के विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव, अवसाद एवं आत्महत्या की रोकथाम से संबंधित जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं परिवार एवं मित्रों के साथ साझा करने तथा आवश्यकता पड़ने पर समय पर विशेषज्ञ की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान कुछ छात्राओं की व्यक्तिगत काउंसलिंग भी की गई और उनकी समस्याओं एवं चिंताओं को समझते हुए आवश्यक मनोवैज्ञानिक परामर्श एवं मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम में जिला आरसीएच पदाधिकारी, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, मनोचिकित्सक डॉ. जे. श्रावणी, जिला कार्यक्रम सहायक हरिशंकर सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।



















Total Users : 1180990
Total views : 3013838