घर के सामने खड़ी थी ट्रिबर कार, अंदर मिली कांच की बोतल; पुलिस ने शुरू की जांच
हंटरगंज (चतरा)। वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के जोरी में अज्ञात लोगों द्वारा घर के सामने खड़ी एक व्यवसायी की कार पर पथराव कर पिछला शीशा तोड़ने का मामला सामने आया है। सुबह कार की हालत देखकर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार, जोरी मेन बाजार निवासी व्यवसायी सुबोध सिंह की ट्रिबर कार रोज की तरह घर के सामने पार्किंग में खड़ी थी। सुबह परिजनों की नजर कार पर पड़ी तो उसका पिछला शीशा पूरी तरह टूटा हुआ था। कार के अंदर स्प्राइट की एक कांच की बोतल भी मिली। सूचना मिलने पर जोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार का जायजा लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
शराबियों के जमावड़े पर रोक की मांग
व्यवसायी सुबोध सिंह ने बताया कि जोरी मेन बाजार में उनकी हार्डवेयर की दुकान है। रोज की तरह शाम को दुकान बंद कर वह घर लौटे और कार घर के सामने खड़ी कर दी थी। रात में किसी समय अज्ञात लोगों ने पत्थर मारकर कार का शीशा तोड़ दिया।
उन्होंने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ आसपास होने वाले शराबियों के जमावड़े पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने आशंका जताई कि शराब के नशे में किसी असामाजिक तत्व ने घटना को अंजाम दिया होगा। हालांकि, घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है और कार का शीशा किसने तोड़ा, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे कैमरों की फुटेज और अन्य संभावित सुरागों की पड़ताल कर रही है।






















Total Users : 1180126
Total views : 3012706